रायगढ़ मुनादी।। जंगलों में विचरण कर रहे हाथियों के दल में से एक शावक की बीती रात तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम शव को तालाब से निकलवाकर कदन-दफन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 70 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। लोटान बीट में बीती रात 38 हाथियों का एक दल तालाब नहाने पहुंचा था, जहां तालाब में नहाने के दौरान एक शावक की मौत हो गई, मृत शावक की उम्र करीब 2 साल बताई जा रही है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि हाथी शावक की मौत होनें के बाद बीती रात से लेकर आज सुबह तक कई घंटों तक हाथियों का दल तालाब किनारे ही विचरण कर रहा था, जिसके चलते कोई भी शावक तक नही पहुंच पा रहा था। हाथी शावक की मौत की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मृत शावक को जेसीबी की मदद से बाहर निकालकर कफन-दफन करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। एक जानकारी के अनुसार छाल रेंज में ही एक माह के भीतर 3 शावकों की मौत हो चुकी है, जो कि चिंता का विषय बना हुआ है।
हाथियों की सुरक्षा के लिए कैम्प मद से करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावों के बीच लगातार हो रही मौतों ने विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने भी वन विभाग के सुस्ती का आरोप लगाते हुए किये जा रहे सुरक्षा उपायों पर गंभीर चिंता जताते हुए कई गंभीर आरोप लगाये जा रहें है।