रायगढ़ मुनादी।। शहर से लगे हुए एक गांव में आबकारी विभाग और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए ब्रांडेड शराब के नाम पर नकली शराब बनाने और उसे खपाने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वही दो अन्य की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू के द्वारा बड़े पैमाने पर नकली एवं मिलावटी शराब तैयार कर उसे बाजार में खपाया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसमें कोतरारोड़ थाना, साइबर थाना एवं आबकारी विभाग की टीम ने रणनीति बनाकर पहले सूचना का सत्यापन किया।
पुलिस के प्वाइंटर को शराब खरीदने के लिए आरोपी के पास भेजा गया, जिसने दो पौव्वा गोवा शराब खरीदी। खरीदी गई शराब के लेबल और होलोग्राम संदिग्ध पाए गए तथा आबकारी अधिकारियों द्वारा शराब की सुगंध एवं स्वाद की जांच करने पर भी असामान्यता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू बताया तथा फरार व्यक्ति की पहचान अपने बड़े भाई सुभाष पटेल के रूप में की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर परिसर स्थित गाय रखने वाले कोठे से शराब का ऐसा जखीरा मिला, जिसने जांच टीम को भी चौंका दिया। मौके से रॉयल स्टेज, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बियर जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों की पैकेजिंग में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह पूरी शराब नकली और मिलावटी है, जिसे अवैध रूप से तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।
आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल तथा सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब खरीदते थे। इसके बाद उसमें स्प्रिट एवं अन्य पदार्थों के साथ रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग कर शराब की मात्रा बढ़ाई जाती थी। पुराने उपयोग किए गए शराब की बोतलों को एकत्र कर उन्हें साफ किया जाता था और उन पर डुप्लीकेट लेबल तथा नकली होलोग्राम लगाकर पुनः पैकिंग की जाती थी। तैयार की गई इस नकली शराब को कोचियों के माध्यम से असली शराब के साथ बाजार में उतारा जाता था।
संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में 869 नग विभिन्न पैमानों (पौव्वा, अद्धी एवं बोतल) की लगभग 240 लीटर नकली शराब के साथ शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली, खाली बोतलें जब्त की गई है, नकली शराब के बिक्री से लगभग 2 लाख 16 हजार 245 रुपये का मुनाफा होना बताये हैं । आरोपी दुष्यंत पटेल ने यह भी स्वीकार किया कि कोरोना काल से वह चोरी-छिपे इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों सुभाष पटेल और विनय सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
मामले में थाना कोतरारोड़ में आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू, सुभाष पटेल एवं विनय ठाकुर के विरुद्ध धारा 61(2), 336(3), 336(4), 340(2), 275 भारतीय न्याय संहिता तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36-च 34(1)(क)(ख) एवं 59-क के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम धनागर को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।