जांजगीर मुनादी।। छत्तीसगढ़ में बारिश के कारण नदी-नाले उफान परहैं। तालाबों में भी पनी भर चुका है। ऐसे पूरे छत्तीसगढ़ से डूबने से मौतों की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऐसा ही मामला जांजगीर से आया है, जहां खेलते-खेलते डबरी में फिसलकर भाई-बहन समेत चार बच्चे गहराई में चले गए और उनकी डूबने से मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी परजिनों को करीब 3 घंटे बाद मिली। मृतकों में तीन बच्चियां और एक बच्चा शामिल है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जिले के बलौदा ब्लॉक के भैंसतरा गांव के चार बच्चे पुष्पांजलि श्रीवास(9), तुषार श्रीवास(5), ख्याति केंवट(4) और अंशिका यादव(8) दोस्त थे। स्कूल की छुट्टी के बाद रोज साथ खेलते-खेलते घर आते थे। शनिवार को भी स्कूल की छुट्टी के बाद चारों बच्चे घटोली डबरी की ओर खेलने गए थे। दोपहर 3 बजे गांव के एक व्यक्ति ने डबरी में बच्चों के कपड़े देखे, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
गांव में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों के शव बाहर निकाले। सभी को इलाज के लिए सीएचसी बलौदा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार भागीरथी कश्यप और अन्य अधिकारी सीएचसी पहुंचे। मृतकों के पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।