भिलाई मुनादी।। एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, जिले में विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी से मारपीट की और इसके बाद चलती कार से ही फेंक दिया। इतना ही नहीं, कार से फेंकने के बाद उसके पैरों को कार से कुचल दिया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी पति के खिलाफ भिलाई नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पीड़िता की मां ने अपने दामाद पर कार से कुचलने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार प्रियंका सिंह (24) की शादी सेक्टर 4 निवासी रजत प्रताप सिंह से जून 2023 में हुई थी। लेकिन शादी के दो महीने बाद से प्रियंका और रजत में पारिवारिक विवाद शुरू हो चुका था। इस विवाद के चलते प्रियंका अपने मायके में रह रही थी। प्रियंका अपनी दादी को सेक्टर 9 हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कराकर वापस सेक्टर 5 स्थित निवास पर ला रही थी। इसी दौरान आरोपित रजत सेक्टर 5 चौक के पास पहुंचा और अपनी पत्नी को जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश करने लगा। प्रियंका की दादी को उसने कार में पहले ही बिठा लिया था।
इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रियंका गाड़ी में बैठने से मना करने लगी, लेकिन पति रजत प्रताप सिंह ने अपनी पत्नी प्रियंका का गला दबाकर कार से घसीटा और चलती कार से फेंक दिया और कार चढ़ा दी। इसके दौरान प्रियंका की दादी को कार में बिठाकर के घर ले आया। आरोपी ने प्रियंका की 72 वर्ष की दादी उर्मिला देवी के साथ भी मारपीट की। प्रियंका के घर वालों को जब इस बात की जानकारी हुई तब उसके परिजन आरोपी रजत के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराने भिलाई नगर थाना पहुंचे। जहां पर उन्होंने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।