जशपुर मुनादी।। बीते 8 तारीख को बगिया छात्रावास में तीसरी कक्षा के छात्र की सर्प दंश से हुई मौत के बाद जिले की राजनीति में एक बार फिर से उबाल आ गया है और प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के सबसे करीबी कहे जाने कुनकुरी के नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील को भाजपा ने एकबार फिर से टारगेट में ले लिया है।
दरअसल , गुरुवार को कांग्रेस नेता विनयशील की अगुवाई में छात्रावास में छात्र की मौत को लेकर सोशल मीडिया में अचानक कैंपेन शुरू कर दिया गया । इन्होंने आरोप लगाया कि बगिया छात्रावास में जिस छात्र की मौत हुई उसके मौत पर प्रशासन संवेदनहीन रवैया अपना रहा है। उन्होंने यह मांग उठाई कि छात्र की मौत के जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो । इनका मानना है कि छात्र की मौत की वजह लापरवाही और गैरजिम्मेदार व्यवस्था है लेकिन भाजपा विनयशील के इस आरोप पर सफाई देने के बजाय विनयशील पर चढ़ाई कर बैठी । भाजपा आईटी सेल तत्काल एक्टिव हो गई और विनयशील के इस पोस्ट पर प्रहार करते हुए मासूम की मौत पर गन्दी राजनीति करने का आरोप लगा दिया । भाजपा की ओर से सोशल मीडिया में लिखा गया कि कुनकुरी के विकास की चिंता छोड़ विनयशील एक बच्चे की मौत पर घटिया राजनीति कर रहे हैं ।
विनयशील ने भी जवाबी पोस्ट मारा और अभी तक भाजपा और कांग्रेस के सोशल खेमे में जंग छिड़ी हुई है । भाजपा बार बार विनयशील को यह बताने की कोशिश कर रही है सरकार और प्रशासन दोनो इस घटना के प्रति संवेदनशील है इसलिए इस मामले में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाइयां की गई और मृतक के परिजनों को 4 लाख का मुआवजा देने की घोषणा कर दी गई ।
जबकि कांग्रेस के आईटी सेल का कहना है कि काँग्रेस के द्वारा मुद्दा उठाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और लगातार कार्रवाइयां करनी शुरू कर दी ।
आपको बता दें कि गुरुवार छात्र की मौत के मामले में कलेक्टर ने कार्रवाई करते हुए हॉस्टल अधीक्षक और भृत्य को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया जबकि कांसाबेल के मंडल संयोजक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया ।
इधर इस मामले में जब विनयशील से बात की गई तो उन्होंने कहा कि भाजपा जिसे राजनीति करना बता रही है वो राजनीति नहीं बल्कि हक की लड़ाई लड़ना कहा जाता है । हक की लड़ाई लड़ना, किसी मासूम की मौत के बाद परिजनों को इंसाफ के लिए आवाज उठाना , मौत की वजह पर सवाल उठाना अगर राजनीति है तो ऐसी राजनीति भाजपा के लोगों को भी करनी चाहिए । उन्होंने बताया कि वह मृतक के परिजनों से मिलने मृतक के गाँव झारमुंडा जा रहे हैं। उनसे मिलने के बाद कई तथ्य सामने आएंगे जिसे मीडिया के सामने रखा जाएगा ।