रायपुर मुनादी। छत्तीसगढ़ में एक अजीब तरह की घटना सामने आई है। राजधानी रायपुर में एक व्यक्ति ने सिर्फ 200 रु. नहीं मिलने पर 70 साल की मां को मार डाला। आरोपी बेटे ने मां से पिल्ला खरीदने के लिए पैसे मांगे थे। मना करने पर उसने हथौड़े से हमला कर दिया। इस दौरान उसने अपनी पत्नी को भी घायल कर दिया। वारदात के दौरान बड़े बेटे ने आस पड़ोस के लोगों को जाकर पूरी घटना बताई। जिसके बाद पड़ोसी घर के भीतर पहुंचे तो बुजुर्ग महिला की लाश और पत्नी जख्मी हालत में पड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी प्रदीप देवांगन (45) ई-रिक्शा चलाता है। वह 800 रु. में एक पिल्ला खरीदना चाहता था, लेकिन उसके पास 600 रु. ही थे। उसने अपनी मां गणेशी से 200 रु. मांगे। जब मां ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच घर में विवाद हुआ और बेटे ने गुस्से में आकर हथौड़े से हमला कर दिया। बुजुर्ग महिला पर जब हमला हुआ तो वह बिस्तर पर थी। बिस्तर के साथ ही फर्श पर भी खून फैल गया। हमले के बाद जब बुजुर्ग महिला चीखने लगी तो आरोपी की पत्नी रामेश्वरी देवांगन कमरे के अंदर आई। आरोपी ने गुस्से में अपनी पत्नी पर भी हमला कर दिया।
बताया गया कि आरोपी प्रदीप देवांगन के 3 बच्चे है, जिसमें एक 15 साल का लड़का, एक 13 साल की लड़की और एक 8 साल का लड़का है। पुलिस को जांच पड़ताल में पता चला है कि आरोपी जर्मन शेफर्ड कुत्ते को पालने के लिए घर लाना चाहता था। कुत्ते की कीमत करीब 800 रुपए थी। आरोपी ने 600 रुपए जमा कर लिए थे। उसे 200 रुपए की जरूरत थी। इसी को लेकर विवाद हुआ।