रायपुर मुनादी।। किसी के मृत्यु के बाद अमूमन संगीत या नृत्य का कार्यक्रम रोक दिया जाता है लेकिन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक लोक गायिका की मौत के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया, इस प्रदेश के लिए अनूठा है। हालांकि कुछ साल पुर्व एक नाट्य कलाकार के मौत पर भी उसका पसंदीदा गीत गाकर उसे अंतिम विदाई दी गई थी।
छत्तीसगढ़ में एक सिंगर की मौत आर्थिक परिस्थितियों से जूझते हुए हो गई। दरअसल छत्तीसगढ़ी गानों से पहचान बनाने वाली मोनिका खुरसैल काफी दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। कहा जा रहा है कि उन्हें बेहतर इलाज नहीं मिल पाया जिस कारण उनकी मौत हो गई। उनके पिता ने बेटी की मौत के बाद अंतिम याद में संगीत संध्या का आयोजन किया था। जिसमें सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बीते बुधवार को छत्तीसगढ़ की मशहूर गायिका मोनिका की ब्रेन हेमरेज से रायपुर के अस्पताल में मौत हो गई। मौत के बाद उनके पिता प्रमोद खुरसैल ने पार्थिव शरीर का बिलासपुर में अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार से पहले पिता ने बेटी की अंतिम यादों को संजोए रखने के लिए उसके सभी मित्रों को संगीत संध्या में आमंत्रित किया। जहां मृत शरीर के अंतिम संस्कार से पहले सभी ने गानों के जरिए अपने चहेते सिंगर को याद किया। सिंगर के पिता प्रमोद खुरसैल पेशे से वकील है और वह मोनिका के पहले गुरु भी हैं। आयोजन में मोनिका के पिता ने पहले बेटी की यादों में रूंधे स्वर में गीत गाए। फिर उनके दोस्तों ने भी बारी बारी कर सिंगर को गीतों के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया में मोनिका को लेकर कई तरह की खबरें आ रही हैं। लेकिन सबसे दुखद बात यह सामने आ रही है की आर्थिक तंगी से जूझते हुए सिंगर ने दम तोड दिया। यदि सही समय पर उन्हें बेहतर इलाज मिल पाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
पिता और दोस्तों ने गानों से याद किया मोनिका को
पिता ने अपनी गायिका बेटी को अनोखी विदाई दी। पिता ने अपनी बेटी सिंगर मोनिका खुरसैल की याद में अंतिम यात्रा से पहले संगीत संध्या का आयोजन किया। जिसमें गायिका के चाहने वालों ने उन्हीं के अंदाज में उन्हें गीत गाकर विदा किया। दोस्तों ने कहा की वह उनकी यादों में हमेशा जिंदा रहेगी।
मौत सत्य है लेकिन इसका कोई वक्त नहीं
पिता ने संगीत संध्या के आयोजन में अपनी बेटी को याद करते हुए गीत गुनगुनाए। इस बीच उन्होंने बताया कि मौत तय है लेकिन इसका कोई समय तय नही है। मौत तो एक दिन सबको आनी है लेकिन इसका वक्त तय नहीं। यह कहकर अपनी बेटी के असमय जाने पर पिता ने शोक व्यक्त किया।
पद्मश्री अनुज शर्मा ने मांगी थी मदद
छत्तीसगढ़ की सिंगर मोनिका खुरसैल की मौत ब्रेन हेमरेज से बुधवार को रायपुर के अस्पताल में हुई। गायिका काफी दिनों से अस्वस्थ चल रही थी। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें इलाज देर में मिलने की बात सामने आ रही है। छालीवुड के सुपरस्टार पद्म श्री अनुज शर्मा ने कुछ दिनों पहले ही सोशल मीडिया में मोनिका खुरसैल के अस्वस्थ होने की खबर पोस्ट करते हुए मदद मांगी थी।
सीजी एक्टर्स के साथ सोशल मीडिया में करती थीं कोलाब्स
मोनिका के कई वीडियो सोशल मीडिया में अभी ट्रेंड कर रहे हैं। मोनिका अधिकतर छत्तीसगढ़ी एक्टर के साथ सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म में कोलब्स करती थीं। उनके कई गाने भी यूट्यूब पर अपलोड हैं। जिनमें उनकी मधुर आवाज सुनी जा सकती है। अभी भी कई गाने हैं जो रिलीज किए जाएंगे। गाने शायद सुपरहिट भी हों लेकिन उनकी तारीफ पाने वाला अब इस दुनिया में नहीं रहा।