रायपुर मुनादी।। कैम्पा मद में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर होने के बाद एक वन विभाग के रेंजर को निलंबित किया गया है। इस आशय की घोषणा वन मंत्री ने विधानसभा में ही कर दी। इस मामले को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने की थी।
कैम्पा मद में अनियमितता का आरोप सितंबर 2021में लगाया गया था जिसकी जांच उप वन मंडलाधिकारी कोटा ने की थी और अपनी जांच रिपोर्ट सरकार को मार्च 2022 में ही दे दी थी। इस जांच रिपोर्ट में बताया गया था कि 15 लोगों के खाते में फर्जी तरीके से पैसा डाला गया था और बाद में पैसा निकाल लिया गया था। कुल मिलाकर इस मामले में सीधे सीधे 8 लाख 60 हजार का गबन किया गया था।
लेकिन मार्च में जांच रिपोर्ट आने के बाद भी इस मामले में आरोपी अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी लिहाजा मामला जब विधानसभा में उठा तो वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने इस मामले में विधानसभा में ही संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की घोषणा कर दी।
इस मामले में जांच रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट रूप से सामने आई है कि बेलगहना रेंज के तत्कालीन रेंजर और डिप्टी रेंजर द्वारा अनियमितता की गई है। मामला सरकारी पैसे के गबन का माना गया । लेकिन मार्च में रिपोर्ट आने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तब इस मामले में नेता प्रतिपक्ष ने सदन में इस मामले में सवाल उठाया।