जशपुर मुनादी।।जशपुर में एक बार फिर से उद्योगों को लेकर सियासत तेज हो गयी है ।इस बार मसला टांगरगांव का नही बल्कि बगीचा के पाठ इलाके का है जहाँ cmdc नाम के एक खदान कम्पनी की अगले माह 22 तारीख को जनसुनवाई होनी है।जिला प्रशासन के द्वारा जनसुनवाई की तारीख की घोषणा किये जाने के अगले ही दिन से सियासी हलचल बढ़ने लगी ।
सबसे पहले पाठ क्षेत्र के कोरवा समाज के नेता प्रदीप दीवान ने खदान कम्पनी की जनसुनवाई के दिन ही महापंचायत का एलान कर दिया उसके बाद अगले दिन जिले भर के भाजपा नेता साथ मे सांसद भी मीडिया के सामने आए और पाठ में स्थापित होने वाले खदान कम्पनी का पुरजोर विरोध शुरू कर दिया ।भाजपा ने मीडिया के सामने कहा कि हरा भरा और सुंदर जशपुर भाजपा के पितृ पुरुष स्व दिलीप सिंह जूदेव का सपना था ।उनके सपनों पर प्रहार नहीं होने देंगे बल्कि स्व जुदेव के सपने को साकार करेंगे ।
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि जिले के कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों के सह पर भी सरकार कोरवा आदिवासियों की जमीन पर उद्योगो को स्थापित करने आतुर है।सांसद गोमती साय ने यहाँ तक कह दिया कि जबतक प्रदेश में भाजपा की सरकार रही तबतक जिले में किसी भी उद्योग की आहट तक नहीं हुई लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही जशपुर में 4 वर्षो के कार्यकाल में 2 जनसुनवाई की तारीखें तय हो गयी है ।इससे साफ पता चलता है कि सरकार की मंशा क्या है और जिले के जनप्रतिनिधियों का उद्योगों से कितना सांठ गांठ है ।
इधर भाजपा के इन आरोपों को शिकस्त देने के लिए उद्योग मंत्रालय से सम्बद्ध संसदीय सचिव यू डी मिंज ने भी जुदेव कार्ड खेल दिया है। शुक्रवार को उनकी ओर से एक प्रेस रिलीज जारी किया गया ।उन्होंने कहा कि उद्योग के मसले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि राजनीति से उपर उठकर जिलेवासियो को स्व दिलीप सिंह जूदेव के सपनो को मूर्त रूप देने के लिए आगे आना चाहिए।स्व जुदेव कभी नहीं चाहते थे कि जशपुर की हरियाली पर किसी उद्योग की काली नजर लगे और यहाँ की हरियाली नष्ट हो इसलिए जिले के हर किसी को जिले के पर्यारण को बचाने आगे आना चाहिए । यूडी मिंज ने 3 बाते कही पहला राजनीति नहीं,जशपुर के पर्यावरण और दिलीप सिंह जूदेव के सपने को बचाना जरूरी है।दूसरा किसी भी कीमत में उत्खनन उद्योग को जशपुर में घुसने की अनुमति नहीं दी जाएगी और तीसरा ये कि आक्सिजोन और पर्यटन हब के रूप में जशपुर की पहचान स्थापित करने मुख्यमंत्री भी सहमत हैं।
उन्होंने पाठ में स्थापित होने वाले बोक्साईड खदान कम्पनी को लेकर जानकारी देते कहा कि भारत सरकार के वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के 2006 की अधिसूचना के आधार पर छत्तीसगढ़ मिनरल करपोरेशन अग्रिम कारवाई कर रहा है जो जशपुर के हित में नहीं है किसी भी प्रकार से जनसुनवाई स्थगित होनी चाहिए और इसे रोकने के लिए जिले की जनता और जनप्रतिनिधि सामने आयें न कि मौका देखकर राजनीति शुरू कर दें ।
यह बताना जरूरी है कि बिगत माह दमेरा सड़क को लेकर भाजपा ने जब संसदीय सचिव यू डी मिंज पर हमला बोला था तब भी यूडी मिंज ने भाजपा के सामने जुदेव कार्ड खेलकर भाजपा को शिकस्त देने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि दमेरा रोड स्व दिलीप सिंह जूदेव का सपना था जिसमे विधायक यूडी मिंज ने बाधा उतपन्न करते हुए दमेरा के काम मे पेंच पैदा करके काम रुकवा दिया तब यूडी मिंज ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा था कि भाजपा पहले स्व दिलीप सिंह जूदेव की मूर्ति का अनावरण करा लें ।उन्होंने यहाँ तक कह दिया था कि भाजपा अगर स्व जुदेव की प्रतिमा का अनावरण नहीं करवाती है तो वह स्वयं इसके लिए पहल करेंगे ।