जशपुर मुनादी।।वर्षो पहले प्रदेश की पुरवर्ती भाजपा सरकार द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर हर गाँव मे बनाये गए अटल चौक को लेकर जिले के एक गांव में फिर से सियासी तनाव शुरू हो गया है ।
बताया जा रहा है कि प्रदेश सरकार के मुखिया भुपेश बघेल की घोषणा के बाद गाँव मे इनदिनों हाईमास्क लाईट लगाए जा रहे है इसी क्रम में 2 दिन पहले हाईमास्क लगाने वाली सरकारी एजेंसियों के द्वारा फरसाबहार ब्लॉक के सरई टोला चौक पर वर्षो से स्थापित अटल चौक को धराशायी कर दिया गया । एजेंसी के इस कारनामे से विपक्षी पार्टी भाजपा के स्थानीय नेताओं में काफी गुस्सा है और बुधवार को इस मामले को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के लोग तुमला थाना में जाकर अटल चौक को तोड़ने वाली एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएंगे इसके बाद इस मुद्दे को लेकर आंदोलन खड़ा करने की रणनीति तैयार की जाएगी ।
भाजयुमो तपकरा मंडल के अध्यक्ष राजेश फेंटा चौधरी का कहना है कि देश की तमाम विभूतियों में से एक स्व अटल बिहारी बाजपेयी के नाम से निर्मित अटल चौक को कांग्रेस वालों के इशारे पर तोड़ा गया है ।हाईमास्क लाईट लगाना तो एक बहाना है ।हाईमास्क लाईट लगाने की मंशा होती तो उसे कहीं भी लगाया जा सकता था लेकिन जानबूझकर हमारे पितृ पुरुष अटल जी के नाम से बने चौक और स्मृतियों को निशाना बनाया जा रहा है ।
उन्होंने बताया कि बुधवार को सभी कार्यकर्ता सरई टोली चौक पर जमा होंगे और वहाँ से सभी एक साथ तुमला थाना जाकर मामले की शिकायत ज्ञापन सौपेंगे।उनकी शिकायत पर तुमला थाना द्वारा अगर एफाईएआर दर्ज नहीं की जाती है तो आगे इसके लिए आंदोलन किया जाएगा ।
आपको बता दें कि भाजयुमो 2 दिनों से इस मुद्दे को सोशल मीडिया में उठा रही है लेकिन अभी तक एजेंसी की ओर से इस बाबत कोई पक्ष नहीं रखा गया है ।
आपको बता दें कि कुनकुरी विधायक यू डी मिंज की विशेष रुचि से कई गांवों के चौराहों पर हाईमास्क लाईट लगाए जा रहे हैं। और जानकारी यह है कि यह काम सरकारी एजेंसी क्रेडा के द्वारा किया जा रहा है । यही वजह है कि भाजपा अटल चौक को तोड़े जाने के पीछे कांग्रेस की साजिश तो मान ही रही है लेकिन भाजपा कांग्रेस से ज्यादा इस मामले में विधायक यू डी को टारगेट करने में लगी हुई है ।