बिलासपुर मुनादी।। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह प्राप्त इस ई-मेल में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे हाईकोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सख्ती बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने परिसर में सघन जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर तैनात हैं और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
प्रदेश के कई कोर्ट को मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। इन मामलों में व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन चलाए गए, हालांकि अब तक ई-मेल भेजने वालों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।