बिलासपुर मुनादी।। अभीतक आपने बॉलीवुड में कास्टिंग काउच, शारीरिक शोषण और इस तरह की घटनाओं से वाकिफ होंगे लेकिन तेजी से आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ी फ़िल्म इंडस्ट्री यानी छालीवुड भी इसके लपेटे में आ रहा है। इस बावत FIR तक की जा चुकी है। दरअसल एक छालीवुड अभिनेत्री ने एक स्क्रिप्ट राइटर और उसके साथियों पर गैंग रेप और दैहिक शोषण का आरोप लगाते हुए मस्तूरी थाने में FIR करवाई है। इसके बाद से आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा निवासी युवती जो छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अभिनेत्री का काम करती है, काम करने के दौरान ही उसकी पहचान मस्तूरी क्षेत्र निवासी नारायण साहू से हुई थी। बताया जाता है कि नारायण साहू छत्तीसगढ़ी फिल्मों की स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले लिखने का काम करता है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता अपनी सहेली के साथ अप्रैल 2021 को नारायण साहू व उसके साथी नारायण भोई के साथ एक मूवी की शूटिंग के लिए रायपुर गई थी। शूटिंग के बाद उक्त सभी ट्रेन से रात में बिलासपुर स्टेशन पहुंचे और वहीं एक होटल में रुक गए जहां देर रात नारायण साहू और नारायण भोई ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर दोनों आरोपी अंदर घुस आए और नारायण भोई उसकी सहेली को दूसरे कमरे मेें ले जाकर बंद कर दिया फिर नारायण साहू ने रात भर पीड़ित से दुष्कर्म किया।
पीड़िता द्वारा पुलिस में जाने की धमकी देने पर आरोपी ने उससे शादी कर लेने की बात कही।
पीड़िता के अनुसार मार्च 2022 तक आरोपी नारायण साहू के साथ वह लिव इन में रहने लगी। लेकिन वह जब भी शादी की बात करती आरोपी नारायण साहू टाल जाता। बताया जाता है कि जब आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया तो पीड़िता ने थाने पहुंचकर FIR करवा दी।