बिलासपुर मुनादी।। चुनावी साल में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। अपनी-अपनी मांगों को लेकर आम जनता से लेकर नेता भी विरोध कर रहे हैं। इस बीच, अब किसान भी सड़क पर उतर आए हैं। ये किसान सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई भूमि के मुआवजा की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान किसान नारेबाजी भी कर रहे हैं। बताया गया कि पिछले 10 साल पहले अधिग्रहण की गई जमीन का अब तक मुआवजा किसानों को नहीं मिल पाया है, जिस वजह से नाराज किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धनपुर, लरकेनी गांव के किसानों ने पेंड्रा से सिवनी मुख्य सड़क मार्ग के चौड़ीकरण में अपनी जमीन दी थी। इसके लिए मुआवजा राशि देने के लिए किसानों को आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि 10 साल बीत जाने के बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। इससे नाराज किसानों ने लरकेनी गांव में तिराहे पर मुख्य सड़क मार्ग में एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन किया गया। इसके साथ सरकार से मुआवजा जल्द से जल्द दिलाने की मांग की है।