बिलासपुर मुनादी।। छत्तीसगढ़ पुलिस ने बिलासपुर जिले में 17 वर्षीय लड़के की गुटखा लेने के बाद पैसे मांगने पर हुए विवाद के बाद गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी पाई है।
पुलिस के अनुसार, हत्या करने वाले दोनो आरोपियों भूपेंद्र पोर्ते को उसलापुर रेल्वे स्टेशन से और नंदकिशोर साहू को कोटा से गिरफ्तार किया है।
बता दे कि पचपेड़ी थाना क्षेत्र के मानिकचौरी गांव के निवासी दोनो आरोपी भूपेंद्र पोर्ते और नंदकिशोर साहू पीड़ित अनीश अजय के पास गुटखा खरीदने गए थे। जब किशोर ने आरोपियों से गुटखा के पैसे के पैसे मांगे तो दोनों आरोपियों की पीड़ित से कहासुनी हो गई। वहीं पोर्ते और साहू ने पीड़ित युवक के परिवार के सदस्यों के साथ भी जमकर मारपीट की फिर झगड़े के बीच पोर्ते ने नाबालिग को देशी पिस्तौल से गोली मार दी और फिर मौके से भाग गए।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को मस्तूरी के नजदीकी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने इस मामले मे आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर और उनकी तलाश कर रही थी।
छानबीन के दौरान पुलिस को आरोपियों के दोस्त और बलोदाबाजार जिले के निवासी वीर सिंह के साथ आखरी बार देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने सिंह से पूछताछ की तो पता चला की दोनो आरोपी हत्याकांड के बाद बिहार भागने की फिराक में है और सिंह ने उन्हें भाटापारा रेल्वे स्टेशन से सारनाथ एक्सप्रेस में बिठाया है।
पुलिस ने सारनाथ एक्सप्रेस में सवार दोनो आरोपियों की खोजबीन शुरू की और पोर्ते को उसलापुर और साहू को कोटा स्टेशन में पकड़ लिया है।