जशपुर मुनादी ।। जिले के गंझियाडीह के मंदिर में शनिवार की शाम आत्मानन्द स्कूल शिक्षक भर्ती में चयन से बाहर होने वाले अभ्यर्थियों ने प्रशासन के खिलाफ अनोखा आंदोलन किया । सारे अभ्यर्थी एक मंदिर प्रांगण में जमा हुए ।शाम को ही यहाँ एक हवन कुंड तैयार किया गया और जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया।
मंत्रोच्चारण के साथ हवन हुआ और सद्बुद्धि की कामना की गई । दरअसल ये वही अभ्यर्थी है जिनका चयन नहीं हो सका ।इनका आरोप है कि जिला प्रशासन द्वारा बनाये गए नियमो के चलते योग्य होने के बाद भी शिक्षक भर्ती से इन्हें बाहर कर दिया गया।इसके विरोध में गुरुवार को ये सारे अभ्यर्थी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुँच गए थे और वहाँ जमकर हंगामा किया था ।
हंगामा इतना बढ़ गया था कि मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी ।हांलाकि कुछ घण्टे के बाद मामला शांत हो गया लेकिन अब यह मामला फिर से तूल पकड़ता हुआ दिख रहा है क्योंकि इन अभ्यर्थियो के समर्थन में भाजपा भी उतर गई है ।