बिलासपुर मुनादी।। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में इन दिनों लगातार सरेआम सड़क में मारपीट के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसी क्रम में आज फिर एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी के साथ वायरल हो रहा हैं जिसमें एक महिला ड्यूटी में तैनात आरक्षक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के सरकण्डा थाना क्षेत्र में बीते बुधवार की रात जहां कुछ लोगों के द्वारा एक युवक को सरेआम सड़क में दौड़ा दौड़ाकर क्रिकेट बल्ले से बेतहाशा उसकी पिटाई करने का वीडियो सोशल में मीडिया में वायरल हुआ था जिसके बाद पुलिस ने इस मामले को जांच में ले लिया है। अभी तक किस वजह से उस युवक की पिटाई हुई थी यह मामला सुलझ नही पाया है कि आज फिर एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। यह वीडियो भी बिलासपुर के सरकण्डा क्षेत्र का बताया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चैक में नो एंट्री को लेकर हुए विवाद के बाद ड्यूटी में तैनात एक आरक्षक को महिला के द्वारा थप्पड जड़ देने का वीडियो भी तेजी से वायरल होनें लगा है। इस मामले में जानकारी मिल रही है कि उक्त आरक्षक शराब के नशे में ड्यूटी कर रहा था इसी दौरान किसी बात को लेकर महिला सहित अन्य लोगों के साथ उसका विवाद हो गया और महिला ने शराब के नशे में ड्यूटी करते हो कहकर उसकी पिटाई कर दी। उक्त आरक्षक का नाम मोरज सिंह बताया जा रहा है। बहरहाल देखना यह है कि एक के बाद एक बिलासपुर जिले में मारपीट के वीडियो वायरल होनें के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।