जशपुर मुनादी।।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कमान सांसद अरुण साव को सौंपने के बाद पहली बार जशपुर आये भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय का भव्य स्वागत किया गया।उनके स्वागत में भाजपा कार्यालय के सामने जिले भर के दिग्गज भाजपा नेता ,भाजपा के जनप्रतिनिधि और जिले भर के पदाधिकारी मौजूद रहे ।
बाजा गाजा और बड़े धुम धाम के साथ उंन्हे भाजपा नेताओं के द्वारा परघाते हुए भाजपा कार्यालय लाया गया।भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने सांसद का टिकट कटने से लेकर प्रदेश अध्यक्ष का कमान वापस लिए जाने की पूरी कहानी कार्यकर्ताओं के सामने शेयर करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अध्यक्ष बदलने को लेकर बात करने से पहले पृष्ठभूमि तैयार कर रहे थे लेकिन वह शुरू में ही उनके भाव को समझ गए और सहर्ष अध्यक्ष पद छोड़ने पर सहमति दे दी।उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के सामने फिर से दोहराया कि उन्होंने कभी यह भी नहीं सोंचा था कि सरपंच भी बनेंगे लेकिन पार्टी ने उन्हें विधायक सांसद से लेकर केंद्रीय मंत्री तक के ओहदे से नवाजा है।
उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में सांसद का टिकट कटने की कहानी भी कार्यकर्ताओ के सामने शेयर किया और बताया कि 2018 में छग में विधानसभा चुनाव हारने के बाद पार्टी को छग में लोकसभा चुनाव की चिंता हुई।अमित शाह अपनी चिंता प्रदेश के सांसदों के सामने साझा कर रहे थे ।उन्होंने सांसदों के चेहरे बदलने का प्रस्ताव रखा था उस प्रस्ताव को भी उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए पार्टी के विचारों को शिरोधार्य किया था ।