जशपुर मुनादी ।। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र फरसाबहार में आज स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं ने जमकर हंगामा मचाया।हंगामा करने का कारण यह था कि यहाँ पदस्थ डॉक्टर नवीन पहाड़े बीते 8 फरवरी से अस्पताल में ड्यूटी नही कर रहे हैं और अस्पताल के उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित डाक्टर का लगातार हस्ताक्षर हो रहा था।
इस बात की भनक जब स्थानीय लोगो और काँग्रेस के कुछ नेताओं को लगी तो वे सीधे अस्पताल पहुंच गए और जब अनुपस्थित डॉक्टर नवीन पहाड़े के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि वह बीते 8 फरवरी से अस्पताल नही आ रहे हैं लेकिन उस्थिति पंजी में बाकायदे उनका साइन भी है।
अस्पताल पहुंचे नेताओं से इसकी सूचना फरसाबहार एसडीएम शबाब खान को दी तो एसडीएम भी तत्काल अज़्प्ताल पहुँच गए और जब एसडीएम ने उपस्थिति पंजी की छानबीन शुरू की तो पता चला कि न केवल नवीन पहाड़े बल्कि फरसाबहार के बीएमओ डॉक्टर विनय भगत भी आज अनुपस्थित है लेकिन उपस्थिति पंजी में उनका भी साइन है ।
एसडीएम शबाब खान ने मुनादी डॉट कॉम को बताया कि डॉक्टर नवीन पहाड़े कुछ दिनों से अस्पताल नही आ रहे फिर भी अटेंडेंस रजिस्टर में उनका हस्ताक्षर पाया गया यहां तक कि बीएमओ विनय भगत भी अस्पताल से अनुपस्थित थे लेकिन उनका भी अटेंडेंस रजिस्टर में साइन पाया गया ।
उन्होंने बताया कि बीएमओ द्वारा छुट्टी के आवेदन दिए गए हैं लेकिन छुट्टी का आवेदन देने के बाद भी अटेंडेंस रजिस्टर में उन्होने साइन क्यों किया यह समझ से परे है। उन्होंने बताया कि बीएमओ डॉक्टर विनय भगत और डॉक्टर नवीन पहाड़े दोनो को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है ।जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम द्वारा जाँच पड़ताल किये जाने के दौरान मौके पर कांग्रेस के स्थानीय नेता पुरन वर्मा गाओं के नागरिक पन्नालाल सिंह कांग्रेस युवा कार्यकर्ता विनय चौहान फरसाबहार उप सरपंच प्रताप तिर्की आदि मौजूद थे ।

