रायगढ़ मुनादी।। रायगढ़ के तहसील कार्यालय में वकीलों और तहसील कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हुए मारपीट के बाद जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। उस विवाद में एक नया वीडियो सामने आने के बाद राजस्व अधिकारी फिर से हड़ताल पर चले गए हैं, ऐसे में विवाद लंबा खींचता जा रहा है।
मंगलवार को हालांकि बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी इस मामले में DGP को पत्र लिखा है और वकीलों पर पुलिसिया कार्यवाही का विरोध करते हुए पुलिस कार्रवाई रोकने की बात कही है। लेकिन बुधवार की सुबह से शुक्रवार के मारपीट का नया वीडियो वायरल होने लगा है जिसमें वकील तहसीलदार सुनील अग्रवाल के कोर्ट में नारे लगाते हुए जाते दिख रहे हैं और उनके कोर्ट के कर्मचारियों के साथ भी मारपीट कर रहे हैं।
अब राजस्व के अधिकारी इस मामले में उक्त वकील के भी गिरफ्तारी की मांग करते हुए फिर से धरने पर चले गए। हालांकि लिपिक वर्ग कर्मचारियों और अन्य संगठनों ने फिलहाल काम शुरू कर दिया है। लेकिन फिर भी आम लोगों के काम ठप्प पड़े हैं। दूर-दूर से लोग यहां काम के लिए आते हैं लेकिन अब उनका काम नहीं हो पा रहा है।

