विजेता टीम को 51000 व उपविजेता टीम को 25000 रुपये की इनामी राशि
रायगढ़ मुनादी।
लगतार तीसरे साल रायगढ़ स्टेडियम में राज्य स्तरीय फ्लड लाइट टूर्नामेंट कार्डिनल कप 22 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में राज्य भर से करीब 32 टीमें हिस्सा लेंगी। रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, चांपा, जांगगीर की टीमों की इंट्री हो चुकी है। बीते साल कार्डिनल कप के नाइट मैच के दौरान पूरे 12 दिन तक स्टेडिम दर्शकों से खचाखच भरा था। इन 12 दिनों तक स्टेडियम के आसपास मेले जैसा महौल था। क्रिकेटप्रेमियों को कार्डिनल कप का इंतजार पूरे सालभर रहता है। जिसमें स्थानीय टीमों के अलावा राज्य की बड़ी टीमें हिस्सा लेती हैं।
टूर्नामेंट की सबसे खास बात यह है कि चक्रधर नगर और इसके आस-पास के युवाओं की समिति कार्डिनल चार्जर्स यह टूर्नामेंट करा रही है। जिन्होंने शहर के ही कुछ फर्मों से स्पांरशिप लेकर इस टूर्नामेंट का आयोजन किया है। कार्डिनल चार्जर्स के अध्यक्ष अरुण उपाध्याय कहते हैं कि बीते साल करीब 32 टीमों ने टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। इस पूरे टूर्नामेंट को सभी का स्नेह और सहयोग मिला। टूर्नामेंट का फाइनल आखिरी गेंद पर छक्के से डिसाइड हुआ था। हमें इस बार ऐसे ही रोमांच की उम्मीद है। हमारे कार्यकर्ता और खिलाड़ी भाई दो महीने से टूर्नामेंट की तैयारी में जुटे हैं।
समिति के सचिव मयूर मोटवानी टूर्नामेंट के बारे में बताते हैं कि जिले के फ्लड लाइट टूर्नामेंट्स में यह सबसे भव्य आयोजन होता है। क्योंकि हमारे पास स्टेडियम है और स्टेडिम में कोई भी टूर्नामेंट होता है तो वह अपने आप ही भव्य हो जाता है। साथ ही हमारे समिति के सदस्यों ने पूरे राज्य भर से टीमों को रायगढ़ में आमंत्रित किया है।
ऑनलाइन स्कोरिंग भी होगी
इस पूरे टूर्नामेंट की खास बात यह है कि सारे मैचों की ऑनलाइन स्कोरिंग होती है। जो इसे भव्यता प्रदान करती है। लोग www.cricheroes.comमें कार्डिनल कप सलेक्ट कर हर मैच का ताजा स्कोर देख सकेंगे। टूर्नामेंट हर दिन शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगा। 22 फरवरी को पहला और 5 मार्च को टूर्नामेंट का फाइनल मैच होगा। एक दिन में 3 मैच खेले जाएंगे और सभी मैच 10-10 ओवरों के होंगे। सेमीफाइनल 14 -14 ओवरों का और फाइनल मैच 16-16 ओवरों का खेला जाएगा।
टेनिस बॉल में ज्यादा लोग खेलते हैं क्रिकेट
टूर्नामेंट के मार्गदर्शक विवेक रंजन सिन्हा बताते हैं कि टेनिस बॉल में ही फ्लड लाइट क्रिकेट का आनंद आता है। टेनिस बॉल के खिलाड़ी हर जगह मौजूद हैं। ड्यूस बॉल में टूर्नामेंट होगा तो खिलाड़ी और टीमें दोनों ही कम आएंगी। मजेदार बात यह है कि जो खिलाड़ी ड्यूस बॉल से खेलता है वह टेनिस से भी खेलता है लेकिन जो टेनिस बॉल से खेलता है वह ड्यूस से नहीं खेल पाता है। इसलिए हमने ड्यूस बॉल की जगह फ्लड लाइट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता रखी है। ताकि ज्यादा से ज्यादा टीमें इस टूर्नामेंट में शामिल हो सकें।

