रायगढ़ मुनादी।। घरघोड़ा क्षेत्र से भाजपा के कद्दावर आदिवासी नेता और पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि भगत ने अपनी ही पूर्व पार्टी के नेताओं पर सोशल मीडिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका एक फेसबुक पोस्ट जमकर वायरल हो रहा है।


रवि भगत ने पोस्ट में लिखा है कि उन्होंने सिर्फ एक सामान्य सा सवाल किया था कि "दैनिक भास्कर में छपी एक खबर का खंडन हुआ या नहीं?"
उनके मुताबिक इसका जवाब बहुत साधारण हो सकता था - कि भास्कर को नोटिस दिया गया है, कानूनी प्रक्रिया जारी है।
लेकिन जवाब देने के बजाय -
"मेरी औकात नापने से लेकर छिछोरा से लेकर मेरी पत्नी की योग्यता तक का ज्ञान दिया गया।"
आदिवासी होने पर टिप्पणी का आरोप
रवि भगत ने पोस्ट में सीधे लिखा है कि उन्हें उनकी जनजाति आदिवासी होने को लेकर टारगेट किया जा रहा है।
पोस्ट में उन्होंने लिखा - "क्योंकि जानते हो कि जनजाति आदिवासी इतने बड़े पद पाने का औकात कैसे रखता है। इसका इतना साहस की जनजाति आदिवासी होते हुए सामान्य सीट पर अपनी पत्नी को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने का सपना देखे।"
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की योग्यता पर सवाल उठाया गया कि वो तो सिर्फ जनपद सदस्य थी। जबकि उनकी पत्नी विपक्ष में रहते हुए भी हर आंदोलन में शामिल होती थीं।
पदयात्रा पर भी निशाना
रवि भगत ने आरोप लगाया कि ये वही लोग हैं जिन्होंने सड़क के लिए उनकी पदयात्रा के बाद घरघोड़ा के भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठ बोलकर दबाव डालकर जबरिया पदयात्रा कराई।
उन्होंने अंत में लिखा है - "bjp युवा मोर्चा अध्यक्ष रहते हुए भी मुझे भालू से लेकर क्या-क्या नहीं बोला गया, तब भी किसी पर कोई कार्यवाही नहीं हुई क्योंकि मैं...... बातें बहुत हैं।"


सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के बाद भाजपा खेमे में हड़कंप मच गया है। रवि भगत के इस पोस्ट को 24 घंटे में 400 से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं।