आईपीएल फाइनल पर ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 31.99 लाख रुपये नकद बरामद, दो सटोरी गिरफ्तार, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी

munaadi news image
June 01, 2026



आईपीएल फाइनल पर ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 31.99 लाख रुपये नकद बरामद, दो सटोरी गिरफ्तार, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी

munaadi news image
munaadi news image

रायगढ़ मुनादी। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आईपीएल फाइनल मुकाबले पर संचालित किए जा रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सट्टे से जुड़ी 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद राशि, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मैच GT बनाम RCB पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर एक साथ दबिश दी गई।

पूछताछ में खुला पूरे सिंडिकेट का राज

पुलिस ने मौके से गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वे स्थानीय लोगों से नकद रकम लेकर सट्टा खिलाते थे।

आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर पूरे सट्टा नेटवर्क का संचालन करने की जानकारी दी। जांच में यह भी सामने आया कि साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ अर्जित करता था।

घर से मिले दो बैग, निकले 31.99 लाख रुपये

गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस की मौजूदगी देख साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, लेकिन वह दो बैग और नोट गिनने की मशीन वहीं छोड़ गया।

साहिल के पिता मुकेश अग्रवाल एवं स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी।

मोबाइल से मिले सट्टे के तकनीकी साक्ष्य

आरोपियों के कब्जे से बरामद वनप्लस नॉर्ड और सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़ी आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का संचालन कर रहे थे।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फरार आरोपियों साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।

पहले भी सट्टे के मामले में फंस चुका है आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इसी वर्ष मार्च माह में थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा मामले में उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।


एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि—

"ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सट्टेबाजी जैसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

गिरफ्तार आरोपी

1. गगन अग्रवाल (28 वर्ष), गंज बाजार, खरसिया

2. शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30 वर्ष), गंज बाजार, खरसिया

जब्त सामग्री

• 31,99,700 रुपये नकद

• 2 मोबाइल फोन

• 1 नोट गिनने की मशीन


munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image

Related Post

Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News