रायपुर मुनादी।। भाजपा नेता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत को पुलिस वालों से गाली गलौज करना महंगा पड़ गया। बताया जाता है कि इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया है और थाने में उनकी पिटाई भी की गई। मिली खबर के अनुसार इस घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी थाने पहुंच गए और थाने में धरना और आंदोलन जारी रखने की बात कही।
बताया जाता है कि आज ज्योतिरादित्य सिंधिया का रायपुर में कार्यक्रम था। फाफाडीह के पास कुछ लोग काले कपड़े पहनकर जा रहे थे उसे भाजपाइयों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा समझकर उन्हें पीट दिया। खबर के अनुसार वे वहां मंत्री से मिलने आये थे और वे मुंगेली जिले के रहने वाले हैं। उनके रिपोर्ट पर पुलिस उन्हें पकड़कर विधानसभा थाने ले रही थी।
बताया जाता है कि राजेश मूणत इस बीच वहां पहुंच गए और पुलिस कर्मियों से उलझ गए। यही नहीं उन्होंने पुलिस पर अपशब्दों का भी उपयोग किया जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कुछ देर बाद राजेश मूणत ने थाने में मारपीट की वीडियो पोस्ट साझा किया इसके बाद कांग्रेस की ओर से मूणत के गाली गलौज का वीडियो वायरल होने शुरू हो गया।
इसके बाद विधानसभा थाने में डॉ रमन सिंह,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय सहित तमाम बड़े नेता थाने पहुंच गए। वहां एसपी से चर्चा के बाद डॉ रमन सिंह ने कहा कि मूणत की पिटाई करने वाले पुलिस अधिकारियों पर जब तक कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक थाने के अंदर भाजपा कार्यकर्ता धरना देंगे।

