09-February-2022


विद्या के मंदिर में ये क्या चल रहा है ! यहाँ पढ़ाई के बदले चल रहा है कुछ ऐसा कि गाँव तो गाँव पूरा शिक्षा विभाग ….. पढिये पूरी रिपोर्ट जानिए क्या चल रहा है इस स्कूल में ……



जशपुर मुनादी।। जिले के एक हाई स्कूल ने पूरे शिक्षा विभाग के नाक में दम कर रखा है । इस स्कूल के चलते पूरे विभाग की ऐसी फजीहत हो रही है कि अधिकारियो को कुछ कहते या बोलते नहीं बन रहा है।


मामला जिले के कुनकुरी विकासखंड के कोरबा बहरी हाई स्कूल का है । यहाँ के प्रभारी प्राचार्य राजीव अम्बस्ट और एक शिक्षक के बीच चल रहे खींचतान में स्कूल की व्यवस्था इस कदर चरमरा गई है कि पूरा स्कूल विद्या के मंदिर से राजनीति के अखाड़े में तब्दील हो गया है।


कुछ माह पहले याने बीते वर्ष इस हाई स्कूल के शिक्षक अशोक मिश्रा के विरुद्ध कुछ ग्रामीणों के द्वारा शिकायत की गई और शिकायत के बाद अशोक मिश्रा का दूसरे स्कूल में तबादला कर दिया गया ।इसके कुछ दिन बाद गोरिया ग्राम पंचायत के ग्रामीण अशोक मिश्रा का स्थान्तरण रद्द करने की मांग लेकर जिला प्रशासन और विभाग के दफ्तर पहुँच गए ।इस मांग पर विचार चल ही रहा था कि गाँव के जनप्रतिनिधियों और गाँव के सम्मानित लोगो का बड़ा हिस्सा हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य राजीव अम्बस्ट को हटाने की मांग लेकर जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय पहुँच गए। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य ऊनसे बदतमीजी करते है ,जनप्रतिनिधियों का बिल्कुल ससम्मान नहीं करते इसलिए उन्हें इस इस स्कूल से हटाकर दूसरे स्कूल भेजा जाए ।इनके आवेदन पर विचार करने के बाद जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की जाँच शुरू कर दी गयी । जाँच के दौरान 8 फरवरी को जाँच अधिकारी सरोज खलखों ने नोटिस जारी करके प्रभारी प्राचार्य को तो बुलाया ही साथ ही साथ जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को भी नोटिस जारी कर जिला शिक्षाअधिकारी कार्यालय तलब कर लिया। नोटिस पाकर ग्रामीण और जनप्रतिनिधि 8 फरवरी को जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय पहुँच गए ।इसके बाद जांच अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों को बताया कि प्राचार्य को हटाया जाना उनके बस की बात नहीं है वह केवल इसकी अनुसंशा कर सकती है ।

इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की शिकायत की जाँच की जा रही है ।जाँच अधिकारी जाँच रिपोर्ट तैयार करके भेजेंगे फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।

इस पूरे मामले में सबसे खाश बात यह है कि शिकायत की जांच करने के लिए शिक्षा विभाग की टीम गाँव न जाकर ग्रामीणों को ही जिला मुख्यालय बुलवा लिया । शिकायतकर्ता वीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को जिला मुख्यालय बुलाना गलत है ।जांच अधिकारी को मौके पर जाकर जाँच करनी चाहिए ।

जिला शिक्षाधिकारी ने बताया कि स्कूल के छात्रों के भी बयान लिए जाएंगे लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल के छात्रों को जिला मुख्यालय नहीं बुलवाया जाएगा ।जाँच अधिकारी स्वयं स्कूल जाकर छात्रों का बयान लेंगे । यह पूछे जाने पर कि फिर ग्रामीणों को जिला मुख्यालय क्यों बुलाया गया इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जाँच अधिकारी ही इस सवाल का जवाब देंगे ।

आपको बता दें कि इस स्कूल में बीते कई महीनों से शिक्षक और प्राचार्य के बीच जमकर खींचतान हो रही है नतीजतन यहाँ पढ़ाई से ज्यादा एक दूसरे को पटखनी देने के लिए जोड़ तोड़ का खेल शुरु हो गया है । विभाग के आला अधिकारी भी इस खींचतान से परेशान होते दिख रहे हैं । देखना यह दिलचस्प होगा कि इस खींचतान से छात्रों के गर्त में जाते भविष्य को बचाने के लिए विभाग के अधिकारी बीच का क्या रास्ता निकलते हैं।













Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image



Trending News