रायगढ़ मुनादी।। रायगढ़ जिले के रफ्तार के कहर से आए दिन यहां की सड़के बेगुनाहों की खून से लाल हो रही है। शहर से बाहर जाने वाले वाहनों में खासकर रात के समय भारी वाहन के चालकों द्वारा तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए लोगों की अपनी चपेट में लिया जा रहा है। जिससे लगातार सड़क दुर्घटनाओं में मौत का आंकड़ा बढ़ते ही जा रही है। इसी के तहत बीती रात एक तेज रफ्तार टेªलर चालक ने सडक किनारे खड़े युवक को बुरी तरह रौंदते हुए मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से आक्रोशित लोगों के द्वारा आज सुबह से महापल्ली में चक्काजाम किया जा रहा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पूर्वांचल क्षेत्र के ग्राम महापल्ली में बीती रात साढ़े 9 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुसौर ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम टिनमिनी निवासी उमेश प्रधान जो कि सड़क किनारे खड़ा था उसे रौंदते हुए अपनी चपेट में ले लिया। जिससे कि घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
इस हृदयविदारक घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई कि किस तरह जान बूझकर ट्रेलर चालक ने तेज रफ्तार वाहन चलाते हुए जान बूझकर उद्योग में काम करने वाले युवक पर चढ़ा दिया और उसके बाद यही ट्रेलर पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचाते हुए आगे बढ़ गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही आज सुबह महापल्ली सहित आसपास के लोगों ने चक्काजाम करते हुए मृतक युवक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करते एवं आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया गया है।
एक जानकारी के अनुसार चक्रधर नगर पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, वहीं वाहन चालक अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है जिसके कारण ग्रामीणों का चक्काजाम जारी है। चक्काजाम की सूचना के बाद चक्रधर नगर पुलिस एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाईश देने के प्रयास में जुटे हैं। इस चक्काजाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

