रायगढ़ मुनादी।। हम भगवान से मिलने मंदिर-मंदिर भले घूमते हों, भले साधु संतों को कई साल के तपस्या के बाद भी भगवान न मिलते हों लेकिन प्रशासन में वह ताकत है कि भगवान को भी अपने कोर्ट में बुला ले। रायगढ़ के नायब तहसीलदार कोर्ट ने तो बाकायदा भगवान को नोटिस भेजकर तलब ही कर लिया है, वह भी चेतावनी के साथ।
मामला रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 25 स्थिति शिव मंदिर का है। सुधा राजवाड़े नामक महिला ने हाई कोर्ट में एक याचिका लगाई थी जिसमें शिव मंदिर समेत 10 लोगों पर सरकारी भूमि पर कब्जा का आरोप लगाया गया है।
हाइकोर्ट के निर्देश के बाद तहसील कार्यालय को इसकी जांच करनी थी सो उन्होंने सभी 10 लोगों को नोटिस दे दिया। इन तमाम लोगों में शिव मंदिर का भी नाम है। इसमें इसके प्रबंधक या पुजारी को भी संबोधित नहीं किया गया है।
दरअसल कौहकुंडा क्षेत्र के लोगों पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। लेकिन शिव को ही नोटिस देने के बाद सवाल यह उठता है कि क्या भगवान खुद तहसीलदार कोर्ट में हाजिरी देंगे ? या हाजिरी न देने के एवज में 10 हजार रुपये का जुर्माना पटाएँगे। इससे पहले रायगढ़ जिले में ही भगवान के नाम पर करोड़ों का मुआवजा भी आ चुका है।

