जशपुर मुनादी।।
जशपुर विधायक विनय भगत के वायरल वीडियो पर जिले की राजनीति में अचानक उबाल आ गया । शनिवार को इस मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में भाजपा सोशल मीडिया के नेताओं के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवायी गयी थी तो आज खबर यह आ रही है कि थाने में शिकायत के बाद भाजपा यूथ विंग रविवार को विधायक विनय भगत का पुतला दहन करने जा रही है।
आपको बता दें कि शनिवार की शाम को विधायक विनय अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा ।इस वीडियो में विधायक विनय योगी मोदी के जोशीले गीत पर डांस करते दिख रहे है मानो विधायक यूपी में भाजपा की जीत पर जश्न मना रहे हों ।यह वीडियो सोशल मीडिया में जैसे ही वायरल हुआ कांग्रेसी भड़क गए और दोपहर में कांग्रेसियों का पूरा जत्था कोतवाली थाना पहुंच गया।
कांग्रेसियों का कहना है कि नागपुरी गीत के साथ डांस करते विधायक के वीडियो को भाजपा सोशल मीडिया के लोगो ने एडिट करके भाजपाई गीत एडिट कर दिया और विधायक की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया ।
इधर इस मामले की जैसे ही थाने में शिकायत हुई भाजपा यूथ विंग ने सोशल मीडिया पर फिर से हल्ला बोल दिया ।भाजपा इस मुद्दे को धार्मिक रंग देने में जुट गई है ।इनका कहना है कि जिस बैक ग्राउंड गाने को लेकर कांग्रेसियों ने शिकायत करवाई है वो गाना भगवान श्रीराम से जुड़ा है ।यह दुर्भाग्य है कि श्रीराम के गाने पर डांस करने से विधायक की छवि धूमिल हो रही है ।श्रीराम के नाम से लोगो का उद्धार होता है ।
भाजयुमो के नेता फेसबुक सहित तमाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट करके विधायक को धर्म विरोधी बताने में लग गए हैं ।
भाजयुमो नेता नितिन राय ने औपचारिक चर्चा के दौरान बताया कि रविवार शाम को भाजयुमो के लोग विधायक विनय भगत का पुतला दहन करेंगे ।उन्होंने कहा कि जिन विधायक की छवि श्रीराम के नाम से धूमिल हो रही है उन विधायक द्वारा श्रीराम मंदिर के लिए दिए गए चंदे को भाजयुमो वापस करेगी । नितिन ने कहा कि विधायक विनय भगत ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 21 हजार का चंदा दिया था और भाजयुमो के सदस्य चंदा करके विधायक को 1 लाख 21 हजार लौटाएंगे ।
यह बताना जरूरी है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब भाजपा खुलकर विधायक विनय भगत के खिलाफ उतरी है ।इससे पहले भाजपा ने कभी भी जशपुर विधायक का खुलकर विरोध नहीं किया था ।अबतक भाजपा के रडार में कुनकुरी विधायक यूडी मिंज हुआ करते थे लेकिन वायरल वीडियो मामले के बाद रडार की दिशा परिवर्तित होती दिख रही है।

