जशपुर मुनादी ।। कुनकुरी के फायर ब्रांड काँग्रेस विधायक यु डी मिंज ने कहा है कि जशपुर और पूरे छग के शिखर पुरुष स्व दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण अगर भाजपा के लोग नहीं करवा सकते तो वह स्वयं इसके लिए मुख्य मंत्री भुपेश बघेल से चर्चा करेंगे और हमारी सरकार उनकी प्रतिमा का अनावरण कराएगी ।
मुनादी डॉट कॉम से दूरभाष पर औपचारिक चर्चा के दौरान संसदीय सचिव यू डी मिंज ने भाजपा नेताओं को एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर एक माह के भीतर भाजपा के नेता उनकी प्रतिमा का अनावरण नहीं करा पाते हैं तो वह स्वयं इसके लिए पहल करेंगे और हमारी सरकार उनकी प्रतिमा का अनावरण कराएगी।
संसदीय सचिव का यह बयान उस समय आया है जब भाजपा इन पर स्व दिलीप सिंह जूदेव के सपनो के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगा रही है । भाजपा के दिग्गज नेताओं ने मंगलवार को दमेरा चराई डाँड़ मार्ग के निर्माण को बंद किये जाने के विरोध में पदयात्रा आंदोलन चलाया था ।भाजपा का आरोप है कि 50 लाख के चढ़ावे के चलते विधायक युडी मिंज ने स्व दिलीप सिंह जुदेव के सपनो को चकनाचूर करके दमेरा चराई डाँड़ के ऐतिहासिक सड़क का काम बंद करवा दिया ।जबकि स्व जुदेव ने इस ऐतिसाहिक मार्ग को बनाने का सपना देखा था लेकिन उनके सपनो के सड़क को काँग्रेस विधायक नहीं बनने दे रहे है।
भाजपा के इस आरोप का जवाब देते हुए युडी मिंज ने कहा कि भाजपा नेताओं को इतना ही स्व दिलीप सिंह जुदेव के सपनो का ख्याल था तो 15 वर्षो की सरकार में या स्व जुदेव के रहते सड़क का निर्माण क्यों नहीं कराया गया ?
मिंज ने आगे कहा कि जो भाजपा नेता हमारे जिले के शिखर पुरुष स्व दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण तक कराने की हैसियत नहीं रखते उनके मुंह से स्व कुमार साहब के सपनों की बात अच्छी नहीं लगती।
उन्होंने कहा -भले मैं भाजपा से नहीं हूं लेकिन जुदेव परिवार से मेरे पारिवारिक रिश्ते हैं ।स्व जुदेव के चलते पूरे देश मे जशपुर की एक अलग पहचान है ऐसे महान नेता की प्रतिमा का अनावरण कराने का अगर मुझे शौभाग्य मिलता है तो मेरे लिए इससे बड़ी बात कुछ नहीं हो सकती ।"
उन्होंने यह भी कहा कि स्व दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर इतने सारे भाजपा नेता लक्जरी लाईफ जी रहे है ,करोड़ो की प्रॉपर्टी भोग रहे हैं चाहते तो आपस मे चंदा नही बल्कि स्नेह बांटकर उनकी मूर्ति का अनावरण करा सकते थे लेकिन वर्षो से कपड़ो से ढकी उनकी प्रतिमा का मुंह तक खोलवाने की उन्होंने जुर्रत नहीं समझी ।
रही बात दमेरा के सड़क की तो भाजपा के लोगो को सड़क निर्माण में भ्र्ष्टाचार क्यों नहीं दिखा ।13 करोड़ की लागत वाले सड़क में 10 करोड़ रुपये का आहरण हो गया और 25 प्रतिशत सड़क भी नहीं बनी है ।यह भ्र्ष्टाचार भाजपा के लोगो को दिखाई न देना एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। भजपा यह क्यों भूल गयी कि सन्ना मार्ग को इनके द्वारा बंद करवाया गया था जो आज तक चालू नहीं हुआ।
उन्होंने आखिरी में कहा --" स्व कुमार साहब के हर हर सपनो को पूरा करने में लगा हूँ,चाहे पर्यटन उद्योग हो ,जैव विविधता हो , आधुनिक कृषि हो हर क्षेत्र में क्षेत्र को उन्नत करने की कोशिश की जा रही है ।
आपको बता दें कि स्व दिलीप सिंह जुदेव की आदम कद प्रतिमा कब से बनकर तैयार खड़ी है लेकिन आजतक उनकी प्रतिमा का अनावरण नहीं हुआ है ।
यह भी बता दें कि मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय की अगुवाई में विधायक युडी मिंज के खिलाफ पदयात्रा और जंगी प्रदर्शन किया गया था

