रायपुर मुनादी।। प्रदेश के खैरागढ़ विधानसभा चुनाव में 20 हजार से ज्यादा मतों की जीत कांग्रेस ने हासिल कर ली है। हालांकि पहले से ही कांग्रेस का यहां से जीतना लगभग तय माना जा रहा था। उपचुनाव से पहले ही प्रदेश के मुखिया ने खैरागढ़ को जिला बनाने की बात कहकर माहौल अपने पक्ष में कर लिया था और अब नतीजा सबके सामने है।
इसके अलावा देश में 4 विधानसभा व एक लोकसभा क्षेत्र में हुए चुनाव में भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल पाई है। छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र व बंगाल के उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। बंगाल के आसनसोल लोकसभा चुनाव में भी टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा ने 3 लाख से ज्यादा के अंतर से बढ़त बना लिया है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस तो बिहार में राजद और बंगाल में TMC ने बाजी मारी है।
इस उपचुनाव में कहीं से भी भाजपा का कोई उम्मीदवार नहीं जीत सका उल्टा पिछले के मुकाबले इस उपचुनाव में ज्यादा मतों के अंतर से हार जीत का फैसला हुआ है। खैरागढ़ में भी कांग्रेस ने यह सीट जनता कांग्रेस से छीनी है। यहां 2018 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस से चुनाव लड़े देवव्रत सिंह ने चुनाव जीता था। उनके मृत्यु के बाद इस सीट पर हुए चुनाव में कांग्रेस के यशोदा वर्मा ने बाजी मार ली।

