जशपुर मुनादी ।। जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्र जशपुर,कुनकुरी और पत्थलगगांव में हिन्दू जनजागृति अभियान मंगलवार से शुरू होने जा रहा है।। नगरपालिका जशपुर की पूर्व उपाध्यक्ष और दिवंगत दिलीप सिंह जूदेव की बड़ी बहू श्रीमती प्रिया सिंह जूदेव के नेतृत्व में शुरू हो रहे इस अभियान में सभी मंडलों में हनुमान मंदिर में सुंदरकांड के पठन के साथ भंडारा का आयोजन भी किया जाएगा। श्रीमती जूदेव ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य हिन्दू जनजागृति के साथ आम जनता के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करना है।
उन्होंने बताया कि बीते दो साल के कोरोना संकट के दौरान हम सब ने जीवन मे बहुत उतार चढ़ाव देखे है। कोरोना संकट की वजह से लोगो का स्वास्थ्य प्रभावित हुआ और अपने प्रियजनों को खोना भी पड़ा। यह भीषण संकट हमारे जीवन मे दोबारा न लौटे,इसके लिए सुंदरकांड के माध्यम से ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी। इस महाअभियान का आगाज आगामी मंगलवार से जशपुर विधानसभा क्षेत्र से किया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए श्रीमती जूदेव ने जशपुर शहर के मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह और ग्रामीण राज कपूर भगत से चर्चा की।
आपको बता दें कि 2 माह पहले बहुरानी प्रियम्वदा ने मुनादी डॉट कॉम से विशेष चर्चा में कहा था कि वह मिशन घरवापसी के तर्ज पर मिशन गढ़वापसी के लिए संकल्प ले चुकी है और आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव तक मिशन गढ़वापसी के लिए कार्य करेंगी। मिशन गढवापसी से आशय यह है कि भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले जशपुर जिले के तीनों विधानसभा सीट को कांग्रेस के कब्जे से वापस भाजपा की झोली में लाना है। ऐसे में जनजागृति और सुंदरकांड के आयोजनों को प्रियम्वदा के इसी संकल्प से जोड़कर देखा जा रहा है । माना जा रहा है कि सुंदरकांड और जनजागृति अभियान उनके इसी मिशन का हिस्सा है।दरअसल 2018 के चुनाव से पहले जशपुत जिले की तीनों सीट जशपुर,कुनकुरी और पत्थल गाँव भाजपा की झोली में था लेकिन 2018 के चुनाव में भाजपा ने तीनों सीट गंवा दिये थे और तीनों सीट कांग्रेस की झोली में चली गयी थी।
यह बताना जरूरी है कि बहुरानी प्रियम्वदा अपने ससुर स्व दिलीप सिंह जूदेव के निधन के बाद 2013 के विधानसभा चुनाव से सक्रिय राजनीति में है ।वह नगरपालिका उपाध्यक्ष भी रही और 2013 के बाद से जिले के कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमो में अगुवाई करती रही। विकास और न्याय के मुद्दे पर भी वह कई बार जनमानस के सामने खड़ा होकर मामले का निराकरण करवाया ।

