लैलूंगा मुनादी
लैलूंगा: - त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2020 का आगाज हो चुका है ऐसे में पंचायतों की सत्ता पर काबिज होने के लिए प्रत्याशीयों द्वारा साम-दाम-दंड-भेद सभी तरह के हथियार आजमाए जा रहे हैं। ताजा मामला विकासखंड लैलूंगा के जनपद क्षेत्र सदस्य क्षेत्र क्रमांक 5 कोड़ासिया का है। जहां से भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र के सहारे नामांकन दाखिल किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त बीडीसी क्षेत्र से भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती राधा पटेल ने नामांकन दाखिल किया था। नाम निर्देशन पत्र पर उन्होंने अपनी जाति माली बताई परंतु जाति प्रमाण पत्र में धोबी जाति का उल्लेख किया गया था। जिसके आधार पर उक्त क्षेत्र से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार श्रीमती अलका बेहरा ने स्कूटनी दिनांक 7-1-2020 को स्कूटनी के दौरान आपत्ति दर्ज कराई। जिस पर सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत ने राधा पटेल को उनकी जाति माली से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का दिनांक 8-1-2020 को 11:00 बजे तक का एक दिवस का समय दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज अभ्यर्थी राधाबाई पटेल के पति गौरी पटेल द्वारा न्यायालय तहसीलदार पुसौर द्वारा जारी अस्थाई सामाजिक प्रास्थिति प्रमाण पत्र माली जाति का प्रस्तुत किया गया। जिसका इलेक्ट्रॉनिक आवेदन दिनांक 2-1- 2020 तथा अनुमोदन दिनांक 6-1- 2020 दर्शित है। जब लोक सेवा केंद्र द्वारा जारी इस जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन हेतु QR Code स्कैनिंग किया गया तब उक्त जाति प्रमाण पत्र में राधाबाई पटेल पिता पितबास पटेल की जाति धोबी ही दर्शित हुआ जिसके आधार पर निर्वाचन अधिकारी विकासखंड लैलूंगा ने आज प्रस्तुत किए गए जाति प्रमाण पत्र को अवैध मानते हुए श्रीमती राधा पटेल के नामांकन निरस्त करने की अनुशंसा के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रेषित किया।

