रायगढ़ मुनादी ।।
घरघोड़ा नगर पंचायत में क्रॉस वोटिंग का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत उपाध्यक्ष उस्मान बेग के इस्तीफे की पेशकश के बाद राज्यस्तरीय कांग्रेस पर्यवेक्षक ने इस मामले पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि यह अंतागढ़ से भी बड़ा कांड है और इस मामले में किसी भी जिम्मेदार को बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल 6 जनवरी को घरघोड़ा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी को तो 6 वोट मिले लेकिन उपाध्यक्ष पद के लिए उस्मान बेग को 10 वोट मिले थे। उसी समय से यह विवाद शुरू हो गया कि आखिर कांग्रेस के पार्षदों में सेंधमारी किसने करवाई। इसके बाद उपाध्यक्ष उस्मान बेग पर क्रॉस वोटिंग करवाने का आरोप लगा जिसके बाद मंगलवार को उस्मान बेग ने भी पार्टी से इस्तीफे की पेशकश कर दी थी।
अब इस मामले में पर्यवेक्षक चौलेश्वर चंद्राकर के कूद जाने से मामले में नया मोड़ आ गया है। चंद्राकर ने हालांकि किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन कहा कि यह तो अंतागढ़ से भी बड़ा मामला हो गया। जानबूझकर क्रॉस वोटिंग करवाई गई, पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। यह पार्टी के साथ धोखा देने जैसी बात है। उन्होंने मुनादी से बातचीत में बताया कि पूरी घटना की रिपोर्ट प्रभारी चंदन यादव से लेकर स्थानीय विधायक और अध्यक्ष तक दे दी गयी है इस मामले में निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी और कोई भी जिम्मेदार बख्शा नहीं जाएगा।

