जशपुर मुनादी।।
जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र क्रमांक 6 से दुलदुला के ब्लॉक अध्यक्ष की पत्नि गायत्री यादव को डीडीसी चुनाव में काँग्रेस द्वारा समर्थन नही दिये जाने के बाद कॉंग्रेस पार्टी से महकूल समाज नाराज हो गया है।समाज के संगठन की ओर से नाराजगी जाहिर करते हुए काँग्रेस के जिलाध्यक्ष को आवेदन देकर फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
आपको बता दें कि नाम वापसी लेने के आखिरी दिन 9 जनवरी को पार्टी द्वारा आखिरी तक समर्थन नही दिए जाने के बाद दुलदुला ब्लॉक अध्यक्ष की नाराजगी फुट पड़ी और उन्होंने पार्टी के प्रति खुलेआम नाराजगी जाहिर कर दिया था ।मुनादी डॉट कॉम द्वारा दूरभाष से पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने साफ कह दिया था कि पार्टी उन्हें टारगेट करते हुए पहले तो उनके नीचे ब्लॉक कार्यकारी अध्यक्ष का चयन कर लिया और बाद में उनकी पत्नि को समर्थन भी नही दिया । इनके खुल्लम खुल्ला विरोध के बाद महकूल समाज भी अब सागर यादव के सपोर्ट में आ खड़ा हुआ है ।
महकूल समाज की ओर से काँग्रेस जिलाध्यक्ष को दिए गए आवेदन में लिखा है ------
श्री पवन अग्रवाल
जिलाध्यक्ष महोदय,
जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर (छत्तीसगढ़)
मान्यवर आपको बड़े ही भारी मन से एवं आहत महसूस करते हुए यह सूचित किया जाता है कि हमारे महाकुल समाज के पुरे जिले भर में एक मात्र जिला पंचायत सदस्य की उम्मीदवार श्रीमती गायत्री यादव W/O श्री नरसिंह सागर यादव ब्लाॅक अध्यक्ष (दुलदुला परिक्षेत्र) को कांग्रेस पार्टी ने अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाने से वंचित कर दिया है ।
माननीय जैसा कि आपको विदित हो हमारे समाज के बहुल मात्रा में लोग जशपुर जिले में रहन बसन करते हैं तथा शुरू से ही हमारे समाज ने कांग्रेस पार्टी के साथ अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कराई है ।
यह तो कुछ भी नहीं कई बार तो आदरणीय रामपुकार सिंह जी (विधायक पत्थलगांव) ने सार्वजनिक तौर पर भी यह कहा है कि महाकुल समाज हमेशा मेरी जीत को तथा जीत के अंतर को बढ़ाना सुनिश्चित करता है ।
हमनें हमेशा कांग्रेस पार्टी पर अपना विश्वास जताया है तथा हर परिस्थिति में पार्टी का साथ निभाया है, लगभग 1 लाख की संख्या होने के बावजूद जिले में हमें कोई बड़ी जिम्मेदारी या प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है । समुचे जिले में हमारे समाज के एक मात्र उम्मीदवार को भी पार्टी ने नज़रअंदाज किया है , श्री नरसिंह सागर यादव के बारे में हम आपको जानकारी दें यह शोभा नहीं देता । आपने स्वयं उनके संघर्ष, पार्टी के प्रति अनुशासन तथा सिनियर लीडरशिप के प्रति सम्मान को देखा है, दुलदुला जैसे क्षेत्र में रहकर तथा विपरीत राजनीतिक परिस्थितियां होने के बावजूद नरसिंह सागर यादव एक मात्र ऐसा नाम है जिसने पार्टी के दामन को नहीं छोड़ा । नरसिंह सागर यादव उन चुनिंदा कार्यकर्ताओं में से एक है जिसने घर-परिवार, निजी जीवन सबकुछ त्याग कर पार्टी को मजबूती पहुँचाई है और आज क्षेत्रीय विधायक की उपेक्षा के कारण संघर्ष का जो प्रतिफल उन्हें मिलना चाहिए था उससे उन्हें वंचित रखा जा रहा है ।
मान्यवर हम सभी सामाजिक सदस्य बढ़ी विनम्रता पूर्वक आपके सामने इस विषय को प्रस्तुत कर रहे हैं किन्तु एक बात अवश्य है कि आज हमारे समाज के जनमानस में छला हुआ महसूस होने की भावना प्रवाहित है,
ऐसी स्थिति में निश्चित तौर पर पार्टी को समाज के लोगों द्वारा भविष्य में बेरूखी का सामना करना पड़ सकता है । हम एक उम्मीद और एक विश्वास की लौ को प्रज्वलित कर यह संदेश आपको लिख रहे हैं कि हमारे समाज के साथ तथा हमारी समाज की अस्मिता के साथ आप जरूर न्याय करेंगे !!
धन्यवाद एवं साधुवाद 🙏🙏
गढ़बो नवा जशपुर, गढ़बो नवा छत्तीसगढ़
आपके अपने
समस्त पदाधिकारी गण
महाकुल समाज सेवा समिति छत्तीसगढ़

