जशपुर मुनादी।।
नगरपंचायत में नए चार्टर्ड एकाउंटेंट को विधिवत् कार्यभार सौंप दिया गया है। विवादों के बाद अनुबंधित फर्म दीपक बत्रा एंड एसोसिएट्स द्वारा यहां प्रीआॅडिटर के रूप में पदस्थ परमवीर भाटिया को हटाकर कुनकुरी के चार्टर्ड एकाउंटेंट ऋषभ जैन को यहां नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को संबंधित फर्म ने उनकी नियुक्ति का पत्र नगरपंचायत को भेज दिया है वहीं उन्होंने औपचारिक पदभार भी ग्रहण कर लिया।
उल्लेखनीय है कि नगरपंचायत पत्थलगांव में अंकेक्षण संबंधी समस्त कार्यों के लिए राज्य शासन द्वारा रायपुर की चार्टर्ड एकाउंटेंट फर्म दीपक बत्रा एंड एसोसिएट्स के साथ अनुबंध किया गया है। अनुबंध के अनुपालन में शासकीय दायित्वों के निर्वहन हेतु फर्म द्वारा परमवीर भाटिया को यहां प्री आॅडिटर के रूप में नियुक्त किया गया था। परंतु पिछले कुछ समय से इस नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। जानकारों के मुताबिक इस प्रकार के शासकीय कार्यों के निर्वहन के लिए फर्म की ओर से नियुक्ति पत्र जारी किया जाना आवश्यक होता है। परंतु लंबे समय के बावजूद फर्म द्वारा परमवीर भाटिया की नियुक्ति के संबंध में कोई दस्तावेज अथवा औपचारिक सूचना नगरपंचायत केा नहीं दी गई थी। नगरपंचायत ने सूचना के अधिकार के तहत प्रदान की गई जानकारी में नगरपंचायत में इस नियुक्ति के संबंध में किसी भी प्रकार का दस्तावेज होने से इंकार किया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी जयमंगल सिंह परिहार के मुताबिक इस संबंध में कई बार एकाउंटेंट फर्म को पत्र लिखा गया परंतु उनकी ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिसके बाद से परमवीर भाटिया के प्रीआॅडिटर के रूप में कार्य करने को लेकर सवाल उठने लगे थे। इसे लेकर कलेक्टर जशपुर के समक्ष शिकायत पत्र भी प्रस्तुत किया गया था जिसमें कलेक्टर द्वारा जांच कराने की बात कही गई। इन सभी विवादों से इतर नगरपंचायत को एकाउंटेंट फर्म से कई अन्य शिकायतें भी थीं।

संतोषजनक नही था कार्य -- नगरपालिका अधिकारी
नगरपंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयमंगल सिंह परिहार के मुताबिक इनमें जानबूझकर बिलों को लटकाना,बिलों को बिना किसी कारण सूडा भेज देना, सभी प्रपत्र उपलब्ध कराने के बावजूद बिल पास नहीं करने जैसे कई मामले इसमें शामिल हैं। नगरपंचायत के उपाध्यक्ष श्यामनारायण गुप्ता ने नगरपंचायत के बिल पास करने में कमीशन खोरी के भी आरोप लगाए थे। उनके मुताबिक कमीशन नहीं मिलने पर बिल रोक दिए जाते थे जिससे नगरविकास में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए नगर पंचायत की परिषद की बैठक में चार्टर्ड एकाउंटेंट को हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अनुक्रम में अनुबंधित फर्म के पार्टनर गुरप्रीत सिंह होरा मामले का जायजा लेने यहां पहुंचे थे। बताया जाता है कि उनके निरीक्षण में प्री आॅडिटर के रूप में परमवीर भाटिया के कार्य को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद उन्होंने परमवीर भाटिया को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया। उन्होने नगरपंचायत पत्थलगांव में अंकेक्षण संबंधी समस्त कार्य करने के लिए कुनकुरी के सीए ऋषभ जैन को नियुक्त किया है। शुक्रवार को उनकी नियुक्ति का पत्र नगरपंचायत में पहुंचा। इसके अनुपालन में ऋषभ जैन ने नगरपंचायत में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। नपं उपाध्यक्ष श्यामनारायण गुप्ता ने उनका स्वागत किया। उनका कहना है कि बिल रूके होने के कारण कई ठेकेदार नपं के कार्यों में रूचि नहीं ले रहे थे। नई नियुक्ति के बाद उन्होंने विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई है।
कोतबा नगरपंचायत ने की पुष्टि
नगरपंचायत पत्थलगांव के साथ ही नपं कोतबा में भी परमवीर भाटिया के स्थान पर ऋषभ जैन को ही कार्यभार सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि परमवीर भाटिया नपं कोतबा में भी अनुबंधित फर्म की ओर से प्री आॅडिटर का कार्य कर रहे थे। मुख्य नगरपालिका अधिकारी पुष्पा खलखो ने सीए ऋषभ जैन की नियुक्ति की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यहां भी आॅडिट संबंधी कार्यों में शिकायतें सामने आई थीं जिससे विवाद की स्थिति बनी थी। उन्होंने बताया कि अनुबंधित फर्म की ओर से गुरप्रीत सिंह होरा द्वारा पत्र प्रेषित कर ऋषभ जैन की नियुक्ति की जानकारी दी गई है।

