रायपुर मुनादी।।
बीते मंगलवार को झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूमि में अपहरण के बाद पत्थरगड़ी आंदोलन का विरोध कर रहे 7 लोगों की हुई निर्मम हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने देश भर के 6 आदिवासी सांसदों की एक कमेटी बनाई है जिसमे रायगढ़ संसदीय क्षेत्र की सांसद गोमती साय भी शामिल है। 6 सांसदों की टीम शुक्रवार को चाईवासा पहुँची और सांसदों ने जाँच रिपोर्ट तैयार करने से पहले 7 लोगों की हुई हत्या का विरोध करते हुए झारखण्ड सरकार के विरुद्ध एक दिवसीय धरना दिया और झारखण्ड में निर्दोष लोगो की हुई हत्या को गलत बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की।सांसद गोमती साय ने कहा कि झारखण्ड में काँग्रेस की सरकार आते ही हिंसक अराजक तत्व सक्रिय हो गए है और निर्दोष लोगों को शिकार बनाया जा रहा है ।

आपको बता दें कि झारखंड और छत्तीसगढ़ में पत्थरगडी आंदोलन को लेकर बीते 2 वर्षो से पत्थरगडी के समर्थन और विरोध की लड़ाई जारी है ।हांलाकि छग में इस आंदोलन को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध जेल भेजने की लगातार हुई कार्यवाहियों के बाद आंदोलन थम गया लेकिन पश्चिमी सिंहभूमि में मंगलवार को की गई 7 लोगों की हत्या के बाद आंदोलन ने अब हिंसक मोड़ ले लिया है।


