MSME उद्यमियों को वित्तीय सशक्तिकरण का मिला मंच, भावसर फाउंडेशन द्वारा आयोजित उद्योग एवं बैंकर्स मीट में 30 उद्यमियों ने लिया हिस्सा, RAMP योजना के अंतर्गत बैंकिंग सुविधाओं, ऋण प्रक्रिया, मार्केटिंग ऑनबोर्डिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

munaadi news image
November 26, 2026



MSME उद्यमियों को वित्तीय सशक्तिकरण का मिला मंच, भावसर फाउंडेशन द्वारा आयोजित उद्योग एवं बैंकर्स मीट में 30 उद्यमियों ने लिया हिस्सा, RAMP योजना के अंतर्गत बैंकिंग सुविधाओं, ऋण प्रक्रिया, मार्केटिंग ऑनबोर्डिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

munaadi news image

रायगढ़ मुनादी।।  स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने तथा उद्योगों और बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भारत सरकार की RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन ने MSME उद्योग एवं बैंकर्स मीट–2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम बुधवार को प्रातः 11 बजे पंचायत प्रशिक्षण केंद्र, टीवी टावर रोड, आतरमुड़ा, रायगढ़ में आयोजित हुआ। इसमें जिले के 30 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने भाग लिया।

Advertisement


कार्यक्रम में NABARD के जिला विकास प्रबंधक श्री एम. बारा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रायगढ़ के प्रबंधक श्री मोहनीश टोप्पो, RCT की निदेशक श्रीमती पूर्णिमा खलखो एवं श्रीमती खुशबू श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के श्री एम.के. विश्वकर्मा एवं श्री ऋषिकांत सिंह, चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री राहुल अग्रवाल, श्रीमती माया दत्ता तथा श्री अनिल कुमार अनुदेशक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात संस्था की ओर से राजेश पटेल ने कहा कि MSME क्षेत्र स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला है। छोटे उद्यमियों को व्यवसाय संचालन, कार्यशील पूंजी, मशीनरी, निवेश और विस्तार के लिए अनेक वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे आयोजन उन्हें सही जानकारी, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और वित्तीय संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थानों की योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं तथा उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्यों और MSME क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए उद्यमियों से शासकीय योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।


NABARD के जिला विकास प्रबंधक श्री एम. बारा ने कहा कि ग्रामीण और छोटे उद्यमियों के विकास में वित्तीय संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं का नियमित उपयोग करने, ऋण की समय पर अदायगी करने तथा व्यवसाय से संबंधित वित्तीय अभिलेख व्यवस्थित रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से व्यवसाय संचालित करने वाले उद्यमियों के लिए विभिन्न वित्तीय और विकासात्मक अवसर उपलब्ध हैं।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रायगढ़ के प्रबंधक श्री मोहनीश टोप्पो ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया, पंजीयन, अनुदान और प्रोत्साहन संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन करने तथा उद्योग स्थापना और विस्तार के लिए विभागीय मार्गदर्शन लेने का आग्रह किया।

RCT की निदेशक श्रीमती पूर्णिमा खलखो ने प्रशिक्षण, कौशल विकास और क्षमता निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यवसाय को टिकाऊ बनाने के लिए तकनीकी ज्ञान, प्रबंधन कौशल और बाजार की समझ आवश्यक है। उन्होंने उद्यमियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़कर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और व्यवसाय संचालन में सुधार करने के लिए प्रेरित किया।

छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के श्री एम.के. विश्वकर्मा ने बैंकिंग सुविधाओं, ऋण आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और कार्यशील पूंजी की उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्यमी अपनी वास्तविक आवश्यकताओं के अनुसार ऋण का चयन करें और बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शाखा प्रबंधक या संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क करें। उन्होंने पारदर्शी बैंकिंग लेन-देन और समय पर किश्त भुगतान को महत्वपूर्ण बताया।


इस अवसर पर श्रीमती माया दत्ता ने मार्केटिंग ऑनबोर्डिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी बाजार में केवल उत्पाद तैयार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही बाजार और ग्राहकों तक पहुंचाना भी आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन मार्केटिंग, उत्पाद ब्रांडिंग, बाजार से जुड़ाव और ग्राहकों तक प्रभावी पहुंच बनाने के उपायों की जानकारी साझा की। साथ ही, उद्यमियों को अपने उत्पादों की ऑनलाइन पहचान विकसित करने और आधुनिक विपणन माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।


विशेषज्ञ सत्र में CA श्री राहुल अग्रवाल ने पारंपरिक बैंक ऋण के अतिरिक्त उपलब्ध वैकल्पिक वित्तीय साधनों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल फाइनेंस, NBFC, इनवॉइस फाइनेंसिंग, TReDS, सप्लाई चेन फाइनेंस, CGTMSE, कार्यशील पूंजी तथा मशीनरी और उपकरणों के वित्तपोषण जैसे विषयों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि बैंक से वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए बैंक स्टेटमेंट, आय-व्यय विवरण, GST रिकॉर्ड, आयकर रिटर्न और प्रोजेक्ट रिपोर्ट जैसे दस्तावेज व्यवस्थित रखना आवश्यक है।

अनुदेशक श्री अनिल कुमार ने केंद्र की गतिविधियों और उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उद्यमी व्यवसाय संचालन, लेखा-जोखा, विपणन और प्रबंधन संबंधी दक्षताओं में सुधार कर सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को अपने व्यवसाय में व्यावहारिक रूप से लागू करने का आग्रह किया।


कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों की वित्तीय आवश्यकताओं, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, व्यवसाय विस्तार, मशीनरी में निवेश, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और बाजार से जुड़ने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों और बैंक प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं तथा व्यावसायिक आवश्यकताओं के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।


कार्यक्रम में शामिल सभी 30 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट प्रदान की गई। प्रतिभागियों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने आयोजन को उपयोगी और जानकारीपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे उन्हें बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय विकल्पों, ऋण प्रक्रिया, डिजिटल मार्केटिंग और शासकीय योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।


भावसर फाउंडेशन की यह पहल स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय और व्यावसायिक रूप से जागरूक, सक्षम तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास रही। विभिन्न विभागों, बैंकिंग संस्थानों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर उद्यमियों तथा संस्थानों के बीच संवाद और समन्वय को बढ़ावा दिया गया।


 


munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image

Related Post

Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image




Trending News