गांव की बिजली से गांव का विकास, यही ग्रामीण आत्मनिर्भरता का नया मॉडल : मुख्यमंत्री श्री साय, सौर ऊर्जा बनेगी ग्राम पंचायतों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता का आधार : मुख्यमंत्री

munaadi news image
November 28, 2026



गांव की बिजली से गांव का विकास, यही ग्रामीण आत्मनिर्भरता का नया मॉडल : मुख्यमंत्री श्री साय, सौर ऊर्जा बनेगी ग्राम पंचायतों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता का आधार : मुख्यमंत्री

munaadi news image

रायपुर मुनादी।।  मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। जशपुर जिले की ग्राम पंचायत कुंजारा ने सौर ऊर्जा के माध्यम से इस दिशा में एक नई मिसाल प्रस्तुत की है। अब कुंजारा न केवल बिजली का उत्पादन करेगा, बल्कि उससे होने वाली आय का उपयोग गांव के विकास में भी कर सकेगा। यह पहल प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी बनेगी। मुख्यमंत्री श्री साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण कर रहे थे। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्थापित यह छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसमें सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से ग्राम पंचायत को नियमित आय उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की व्यवस्था की गई है।

Advertisement

Advertisement


मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि कुंजारा अब बिजली उत्पादन के साथ आय अर्जित करने वाली ग्राम पंचायत के रूप में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सौर ऊर्जा के माध्यम से देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का जो संकल्प लिया है, कुंजारा की यह परियोजना उसी संकल्प को गांव की धरती पर साकार करने का उदाहरण है।


ग्राम पंचायत को हर साल होगी लगभग 18.75 लाख रुपये की आय 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि  यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करने में सक्षम होगा। संयंत्र से उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित की जाएगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से इस बिजली का समायोजन जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश प्राप्त होगा। इससे ग्राम पंचायत को सालाना अनुमानित 18.75 लाख रुपये की आय होगी। इस राशि का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव की आवश्यकताओं, अधोसंरचना निर्माण और स्थानीय विकास कार्यों में किया जा सकेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना ग्राम पंचायतों को  अपनी आय के स्रोत विकसित करने की नई दिशा दिखाएगी। आने वाले समय में कुंजारा प्रदेश की अन्य पंचायतों के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का रोल मॉडल बनेगा।


मुख्यमंत्री ने की सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में ग्रामवासियों की मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, श्री टोली में सामुदायिक भवन निर्माण तथा कुंजारा में शिव मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और गांवों को विकास के नए अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं के विकास से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, वहीं बिजली पर होने वाले खर्च में भी बचत होती है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों का लाभ गांवों और आम नागरिकों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कुंजारा की यह पहल दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी जा सकती है।


वर्चुअल नेट मीटरिंग से शासकीय कार्यालयों के बिजली बिल में होगी बचत 

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत जशपुर के प्रस्ताव पर कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से 280 किलोवाट क्षमता का ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र स्वीकृत किया गया है। इस संयंत्र की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा उच्च दक्षता वाली आधुनिक तकनीक के माध्यम से की गई है।


परियोजना के अंतर्गत सौर संयंत्र से उत्पादित बिजली सीधे ग्रिड में प्रवाहित होगी। उत्पादन की गणना के लिए संयंत्र स्थल पर नेट मीटर लगाया गया है, जिससे प्रतिदिन उत्पादित विद्युत यूनिटों का लेखा-जोखा रखा जाएगा।


जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों के विद्युत मीटरों को वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से अनुबंधित किया गया है। इस व्यवस्था से सौर संयंत्र द्वारा ग्रिड में प्रवाहित बिजली का समायोजन संबंधित शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत के साथ किया जाएगा।


इससे शासकीय कार्यालयों के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी। इस बचत में से निर्धारित लाभांश 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से ग्राम पंचायत कुंजारा के खाते में नियमित रूप से जमा किया जाएगा। परियोजना के संचालन एवं लाभांश वितरण के संबंध में विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया गया।


अन्य ग्राम पंचायतों के लिए रोल मॉडल बनेगा कुंजारा 

कुंजारा में स्थापित यह सौर ऊर्जा संयंत्र ग्राम पंचायतों की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अभिनव प्रयोग है। अब तक ग्राम पंचायतों को अधिकांश विकास कार्यों के लिए शासकीय अनुदान एवं विभिन्न योजनाओं से प्राप्त राशि पर निर्भर रहना पड़ता था। इस परियोजना से ग्राम पंचायत को नियमित आय का एक स्थायी स्रोत उपलब्ध होगा।


सौर ऊर्जा से अर्जित आय का उपयोग ग्राम सभा की सहमति से स्थानीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार में किया जा सकेगा। इससे पंचायत की वित्तीय क्षमता मजबूत होगी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी।


कुंजारा की इस पहल की सफलता से प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों को भी सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से आय के नए स्रोत विकसित करने की प्रेरणा मिलेगी। यह मॉडल भविष्य में ग्रामीण स्वावलंबन और विकेंद्रीकृत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


Advertisement

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय,  उपेंद्र यादव, ग्राम पंचायत कुंजारा के सरपंच, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image
munaadi news image

Related Post

Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image




Trending News