जशपुर/बगिया मुनादी।। दीपावली मिलन के अवसर पर जनपद पंचायत लैलूंगा की जनपद सदस्य एवं वन एवं पर्यावरण सभापति श्रीमती कल्पना भोय ने मुख्यमंत्री निवास कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण विकास मांगों को उनके सामने रखा।

कल्पना भोय ने ग्राम पंचायत सुबरा के पंझर नाला में उच्चस्तरीय पुलिया निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि इस पुलिया के बन जाने से आसपास के लगभग 50 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ग्राम सुबरा से केशला होते हुए खुशरमुड़ा पहुंच मार्ग तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क निर्माण को डीएमएफ मद से स्वीकृति देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए निर्माण कार्यों को पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि कल्पना भोय अपने जनपद क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलिया निर्माण से जुड़े कार्यों की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास बगिया से लेकर रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास तक कई बार मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं को शासन तक पहुंचाया है।
उनके प्रयासों से खारून नदी पर 4 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं डीएमएफ मद से स्वीकृत चार सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनमें प्रमुख रूप से सुबरा से कटकलिया (भाग-1 एवं 2), कोड़केल से गेरूपानी और पिपराही से मुड़ापारा-डिपापारा सड़क शामिल हैं।
इन विकास कार्यों की स्वीकृति और सहयोग के लिए कल्पना भोय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर लीलावती डुला, मणि चक्रवर्ती, सुबरा की वार्ड पंच तथा क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।