दुर्ग मुनादी।। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर मुद्दा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इसके साथ सियासत भी तेज हो रही है। इस बीच, सीएम भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र में एक नया विवाद शुरू हो गया है।
दरअसल, पाटन के अमलेशवर थाना के ग्राम ऊफरा में बवाल मच गया है। उफरा गांव में एक लड़की ने धर्मांतरण कर दूसरे धर्म को मानने लगी थी। इस लड़की मौत हो गई है, जिसके बाद उसके परिजन उसका अंतिम संस्कार गांव में ही कराना चाह रहे थे, लेकिन ग्रामीण इसके विरोध में सामने आ गए और ऐसा करने से मना करने लगे।
इस हंगामे के बीच ग्रामीण का कहना है कि अगर गांव में लड़की का अंतिम संस्कार करना है तो हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार ही करना होगा। लेकिन मृतक युवती के परिजन नहीं माने और अंतिम संस्कार पर अड़े रहे। देखते-देखते ही पूरा गांव उमड़ गया। मौके पर अम्लेश्वर पुलिस ने पहुंच कर मामले को शांत कराया। हालांकि इस दौरान किसी तरह का जनहानि नहीं हुई है।