रायगढ़ मुनादी।। मामूली बात पर दोस्त की हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने आखिरकार 5 दिन बाद गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। मामला कोतरा रोड़ थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार 15 मई की सुबह कोतरा रोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास सामने खाली जगह पर एक युवक का शव मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही कोतरा रोड़ पुलिस टीम, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। जहां मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21 साल) के रूप में हुई। मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। दूसरे दिन उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस को मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि घटना की रात टावर मैदान के पास मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड 21 साल, के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का संदेह उस पर गहराया। जिसके बाद से कोतरा रोड़ थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपनी बहन के घर छातामुड़ा आया हुआ है। जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी अमन बसोड ने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि 14 मई की रात टावर मैदान में दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में उसकी शर्ट फट गई थी, जिस पर तिलक ने उसे अपना टी-शर्ट पहनने को दिया। बाद में गांव के बोरिंग के पास फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और दोनों घायल भी हुए थे। इसके बावजूद तिलक उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल तक लेकर गया।
रात में दोनों बाइक से सीतापुर पहुंचे और शराब तलाशने लगे, लेकिन शराब नहीं मिलने पर सामुदायिक भवन के पास बैठ गए। वहीं पहले घटी घटना बात को लेकर फिर विवाद शुरू हुआ और गुस्से में आरोपी ने पहले अपने हाथ में पहने कड़े से तिलक पर हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर, गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपी अपने दोस्तों को घटना की जानकारी देकर फरार हो गया था।
बहरहाल कोतरा रोड़ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कड़ा और घटना समय पहने कपड़े जप्त किए हैं। आरोपी अमन बसोड को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।