रायगढ़ मुनादी।। शहर के समलाई मंदिर परिसर में अनवरत 37 दिनों तक सावन महीना के पवित्र अवसर पर धर्म रक्षा समिति एवं हिंद सेवक, समस्त सनातन समाज रायगढ़ संस्था व कार्यक्रम संयोजक विकास केड़िया, कार्यक्रम सह संयोजक सीबी शर्मा की अभिनव पहल से "ऊँ नमः शिवाय" का अखंड जाप का आयोजन किया गया। वहीं आज 21 अगस्त को धार्मिक इस कार्यक्रम के अन्तर्गत जाप स्थल में जाप व यज्ञ समापन के बाद भगवान भोलेनाथ का सवा पाँच करोड़ से अभिमंत्रित रुद्राक्ष का श्रद्धा से श्रद्धालुओं को वितरण किया गया।
बना ऐतिहासिक रिकार्ड
अखंड जाप स्थल में सावन महीना पर्व की खुशी में शहर के व दूर दराज के सभी उम्र के श्रद्धालुगण पहुंचे और पूरे 37 दिनों तक दस फीट का रुद्राक्ष से बने शिवलिंग का दर्शन पूजन व "ऊँ नमः शिवाय" का जाप सुबह से रात तक भक्तों ने किया । वहीं धार्मिक इस आयोजन के अंतर्गत आज समापन के 37 वें दिन जिले व अन्य जिले से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सवा पाँच करोड़ "ऊँ नमः शिवाय" मंत्र जाप करके पूरे देश में ऐतिहासिक रिकार्ड बनाया। वहीं इस धार्मिक भव्य आयोजन की सर्वत्र सराहना हो रही है।
शाम तक हुआ रुद्राक्ष वितरण
धर्म रक्षा समिति एवं हिंद सेवक, समस्त सनातन समाज रायगढ़ संस्था द्वारा आयोजित भव्य ऐतिहासिक "ऊँ नमः शिवाय" मंत्र जाप के इस भव्य आयोजन में आज सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक समलाई मंदिर परिसर में शहर के अतिरिक्त दूर दराज के हजारों श्रद्धालुगण अपने परिवार के साथ जाप स्थल में पहुंचे और कतारबद्ध होकर अभिमंत्रित रुद्राक्ष पाने का इंतजार करते रहे वहीं लंबी लाइनें लगी रही रुद्राक्ष वितरण का यह यादगार आयोजन शाम पांच बजे तक चलता रहा।
सभी के सहयोग से हुआ संभव
कार्यक्रम के संयोजक विकास केड़िया ने जिले व अन्य जिले व राज्य से आए हजारों श्रद्धालुओं, समिति से जुड़े सदस्यों, समस्त सहयोगियों, मीडिया कर्मियों व सभी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से सहयोगियों के प्रति धन्यवाद व आभार प्रकट करते हुए बड़ी विनम्रता से कहा कि इतना बड़ा धार्मिक आयोजन सभी के अपार सहयोग व असीम श्रद्धा के फलस्वरूप संभव हुआ जिसके हम टीम के सभी सदस्यगण सभी सम्मानीय सहयोगियों के प्रति विशेष आभारी हैं। हम सोचें भी नहीं थे कि यह धार्मिक आयोजन इतना वृहद व ऐतिहासिक यादगार बनेगा परंतु भगवान भोलेनाथ की कृपा व सभी सहयोगियों के विशेष कृपा से यह असंभव कार्य संभव हुआ। पुनः सभी सम्मानीय श्रद्धालुओं व सहयोगियों को सादर नमन्, कोटि - कोटि धन्यवाद। वहीं इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में धर्म रक्षा समिति एवं हिंद सेवक, समस्त सनातन समाज रायगढ़ संस्था व कार्यक्रम संयोजक विकास केड़िया, कार्यक्रम सह संयोजक सीबी शर्मा, सहित समिति के सभी श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।