बलौदाबाजार मुनादी।। बलौदाबाजार के एक शादी कार्यक्रम में डीजे वाले ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाराती को पीट पीट कर मार डाला। आरोपियों ने बराती और घराती दोनों को कमरे में बंद कर लाठी डंडों से पीटा। जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक अपचारी बालक सहित 14 को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
घटना बीते रविवार की बताई जा रही है। बलौदाबाजार स्थित नयन दास स्मृति परिसर में एक वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। जिला मुंगेली से बरात आई हुई थी। मनपसंद गाना लगाने की फरमाइश पर डीजे बजाने वाले से वाद विवाद शुरू हो गया। इसके बाद आरोपियों में शामिल करण बंजारे, पंकज बंजारे, पिंटू बंजारे आदि अंदर घुसकर लाठी-डंडा, पत्थर एवं लोहे की रॉड से शादी में उपस्थित सभी लोगों के साथ मारपीट की। इसी बीच गणेश पाटले और उनके नाती प्रियांशु पाटले के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट की गई, जिसमें प्रियांशु ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन गणेश पाटले को गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार सचिंद्र चौबे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान गणेश पाटले की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की। सोमवार की रात तक एक नाबालिग सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया । अभी भी कुछ आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
बराती घराती को कमरे में बंद कर रॉड से पीटा
आरोपियों ने पहले बराती को पीटा। फिर विवाह स्थल में घुसकर आरोपियों ने घराती और बराती दोनों को कमरे में बंद कर मारपीट की। इस मारपीट के दौरान ही गणेश पाटले गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिस कारण बाद में उनकी मौत हो गई। आरोपियों ने लाठी डंडे के साथ रॉड और धारदार हथियार से मारपीट की थी। जिस कारण दर्जनों के घायल होने की खबर है।
पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
पुलिस ने एक ही दिन में आरोपियों की खोजबीन कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी आरोपियों को पकड़कर शहर में जुलूस निकाला गया। आरोपियों में एक नाबालिग शामिल है जिसे जुलूस से दूर रखा गया। शहर में जुलूस निकालने के पीछे पुलिस ने बताया की वह समाज में संदेश पहुंचाना चाहती थी कि आरोपियों का यही हश्र होता है। अपराधियों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।