जशपुर मुनादी।। जशपुर की कोतवाली पुलिस ने हनुमान छाप सिक्का सहित जेवर और नगदी चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी का नाम सोनू तिर्की है। उसे जिला जेल गुमला से प्रोडक्षन वारंट प्राप्त कर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस प्रकरण के अन्य 03 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के विरूद्ध अप.क्र. 223/19 धारा 458, 380, 392, 397 भा.द.वि. एवं 25 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध है।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत रहने वाली 60 वर्षीय महिला ने 13 अगस्त 2019 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात्रि में 04-05 अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति इसके घर का दरवाजा को खुलवाये और घर अंदर जबरन प्रवेश कर अपने पास रखे लाठी-डंडा एवं देशी कट्टा को दिखाते हुये डरा-धमकाकर अलमाली की चाबी मांग कर अलमारी में रखे रू. 4,000 /- एवं चांदी का 02 जोड़ा पायल, 02 जोड़ा बिछिया, 01 अंगूठी एवं 01 नग हनुमान छाप सिक्का को लूटपाट कर ले गये। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना जषपुर में उपरोक्त धारा सदर का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना दौरान घटना में शामिल आरोपियों का पता-तलाश कर आरोपीगण सुरेश केरकेट्टा, अरविन्द मिंज, विपिन केतवार सभी निवासी झारखंड को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उक्त घटना में शामिल आरोपी सोनू तिर्की उम्र 20 साल निवासी माझाटोली थाना रायडीह जिला गुमला को प्रोडक्षन वारंट पर लाकर दल 05 मार्च को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। आरोपी सोनू तिर्की के विरूद्ध झारखंड के थाना डुमरी, सिसई में पूर्व से कई अपराध पंजीबद्ध है।
उक्त विवेचना कार्यवाही करने एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह धुर्वे, आर. युधिष्ठिर यादव, आर. 34 राजीव लकड़ा, संजीवन तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्या है हनुमान छाप सिक्का
इस सिक्के को तिलस्मी सिक्का माना जाता है।इसको लेकर कई तरह की भ्रांतियां है ।कहा जाता है कि इस सिक्के में इतना बड़ा चमत्कार होता है कि मेटल होते हुए भी नॉन मेटल जैसे चावल सरसो को अपनी ओर चुम्बक की तरह खींच लेता है।इसमें मैग्नेटिक पावर इतना होता है कि वह चलती हुई गाड़ी को भी रोक सकता है और सिक्का अपनी चुमकीय शक्ति से धन को अपनी ओर खींचता और जिसके पास यह सिक्का होता है वह बहुत धनवान होता है।इन भ्रांतियों के चलते ठगबाज इस सिक्के का रेट करोड़ों में बताते है । इस सिक्के को लेकर कई बार अप्रिय घटना घट चुकी है और कई लोग बुरी तरह ठगे जा चुके हैं ।

