24-March-2022


जिला भाजपा में आ सकता है भूचाल, महिला नेत्री की शिकायत के बाद हरकत में आई पार्टी, the kashmir files फ़िल्म ने खोल दी करतूतों की फ़ाइल………… पढ़िए पूरी खबर



रायगढ़ मुनादी।। जिला भाजपा में जितनी शांति ऊपर से दिख रही है उससे ज्यादा पार्टी के अंदर खलबली है। बताया जाता है कि एक महिला की शिकायत ने पार्टी के अंदर खलबली मचा दी है। हालांकि इस मामले पर कोई भी पार्टी नेता मुंह खोलने को तैयार नहीं है लेकिन भाजपा में प्रदेश के बड़े नेताओं का ध्यान इस विषय पर आकृष्ट कराया है और लीपापोती की कोशिशों के बावजूद बात बिगड़ गई है।

सूत्रों की मानें तो भाजपा के कई बड़े नेता रायपुर से रायगढ़ की दौड़ लगाकर यहां की आग बुझाने की कोशिश कर चुके हैं और यह आग बुझ भी चुकी थी लेकिन द कश्मीर फाइल्स के प्रदर्शन के लिए भाजपा नेता की ओर से इसका शो बुक करवा गया इसके बाद फिर से यह मामला भड़क गया। यही नहीं इसकी आंच प्रदेश भाजपा कार्यालय तक पहुंच गई । दरअसल इस मामले में लगाये गए आरोप काफी गंभीर किस्म के हैं।

मामले की शुरुआत 6 माह पहले हुई थी जब एक भाजपा नेता ने अपनी कर्मठ कहे जाने वाली नेत्री को आपत्तिजनक मैसेज भेजे। इसकी मौखिक शिकायत उस नेत्री ने प्रदेश पदाधिकारियों से कर दी, इसके बाद प्रदेश के एक वरिष्ठ नेता ने मामले को समझा बुझाकर दबा दिया लेकिन महिला नेत्री इससे संतुष्ट नहीं हुई लेकिन उसने भी चुप्पी साध ली। इसके बाद उसने अपना अनदेखा किये जाने की शिकायत उसने पार्टी के व्हाट्सएप्प ग्रुप पर की। जिसके बाद उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया। लेकिन सूत्रों की मानें तो इस नोटिस को वापस लेने के लिए भी उसपर गलत तरीके से दवाब डाला गया और इसबात की भी उसने शिकायत कर दी।सांसद को रोते हुए महिला ने सारी बात बताई ।

सूत्रों के अनुसार इस मामले को कोई लीक न कर दे इसलिए सभी पदाधिकारियों को इस मुद्दे पर चुप रहने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन इस विषय के सामने आने के बाद कई महिला पीड़ितों के सामने आने की बात भी सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि भाजपा के अंदर कर्मठता से काम करने वाली कई महिलाएं ऐसी दौर से गुजर चुकी हैं लेकिन उन्हें या तो चुप करा दिया गया या वे चुप हो गईं लेकिन इस प्रकरण के बाद वे भी सामने आने को तैयार हैं। हालांकि शिकायतें सिर्फ पार्टी फोरम में ही रखी जायेगी।

इस मसले पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मौखिक शिकायत हुई थी जिसके बाद दोनों पक्षों में सहमति भी बन गई थी लेकिन फिर क्या हुआ मेरे जानकारी में नहीं है। जब मुनादी ने पीड़िता से इस पर बात करने की कोशिश की तो पीड़िता ने मुनादी को कहा कि सब को बता-बताकर थक गई हूं, मुझे त्रस्त कर दिया गया है। भैया जी, अब मैं इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलना चाहती, मुझे माफ़ कर दो।

सूत्रों के अनुसार इस मुद्दे को दबाने के लिए एक नेता पर कार्रवाई होने की संभावना है लेकिन अब असंतोष भड़कने की ज्यादा गुंजाइश हो गयी है। कहा जाता है कि कई महिलाएं एक नेता की कथित अशोभनीय हरकत से परेशान हैं और शिकायत का गट्ठर प्रदेश स्तर पर पहुंचा दिया गया है। हालांकि नेताजी के समर्थक इसे चुनावी राजनीति बताते हैं लेकिन उनके विरोध में कई नेता एकजुट दिखाई देने लगे हैं। अब देखना है कि भाजपा में सफाई होती है या इन मुद्दों को चुनाव के समय कांग्रेस को गिफ्ट करने के लिए बचा कर रखा जाता है।








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News