रायगढ़ मुनादी।। रायगढ़ जिले भाजपा के तीन महिला कार्यकर्ता अपनी अर्जी लेकर प्रदेश कार्यालय रायपुर के लिए रवाना हो गयी हैं। उनके साथ कुछ महिला पदाधिकारी भी हैं। वे वहां पर रायगढ़ के दो नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत करने वाली हैं जिन्होंने कथित तौर पर उनके साथ अशोभनीय हरकत की है। तीनों पीड़ित महिला कार्यकर्ता वहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ प्रभारी पुरुन्देश्वरी और प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन से मुलाकात कर अपनी व्यथा भी बताएंगी।
कल शुक्रवार को इस मामले की जांच के लिए रायगढ़ आयी प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष सरला कोसरिया के सामने तीनों पीड़ित महिला कार्यकर्ता पेश हुए थी और उन्होंने अपनी बात खुलकर उनके सामने रखी थी। उनकी बात सुनने के बाद भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरला कोसरिया ने उन्हें प्रदेश नेतृत्व को लिखित शिकायत करने की सलाह दी थी इसके बाद पीड़िताएं आज शनिवार को रायपुर रवाना हो गई हैं।
बताया जाता है कि आज भाजपा के राज्य सह प्रभारी नितिन नवीन रायपुर प्रवास पर रहेंगे और वे यहां भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी करने वाले हैं। ऐसे में इन पीड़िताओं ने भी उनसे मिलने का वक़्त मांगा है। संभवतः आज उनकी मुलाकात वहां हो जाएगी। वे उनके समक्ष भी भाजपा के जिले के दो नेताओं के विरुद्ध लिखित शिकायत करेंगी।
महिला पीड़िताओं के एक सहयोगी ने बताया कि यदि इस बार उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वे सीधे थाना और मीडिया के पास चली जायेगी। यह बात कल पीड़िताओं ने मामले की जांच करने आये वरिष्ठ नेत्री को भी बता दिया है। भाजपा के अंदरखाने मेंइस मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित महिलाओं को आश्वस्त किया गया है कि उनके साथ हुई अशोभनीय हरकत को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी और आरोपी नेताओं को इस कर्म का भुगतान भी करना होगा।

