जशपुर मुनादी।। खबर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के भादू गाँव से आ रही है जहाँ बीते 28 मार्च को एक बने बनाये घर को एकजुट होकर आए दर्जनों लोगों ने पूरी तरह नेस्तानाबूत कर दिया । घर के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो भीड़ ने घरवालों को ही पीटना शुरू कर दिया ।इस पूरे मामले में सन्ना थाने में 30 लोगो के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है । इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि मामले के प्रार्थी ने घर निस्तनाबूद किये जाने के पीछे जशपुर विधायक विनय भगत का हाथ बताया है । प्रार्थी का आरोप है कि उसने सन्ना थाने में घर तोड़ने वाले एक एक आरोपियों के नाम बताए थे लेकिन विधायक विनय भगत के दबाव में पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट न करके आरोपियों को अज्ञात बता दिया।
watch video
घर तोड़ने के मामले में हुई एफआईआर के बाद भादू पटकोना निवासी रामजन ने एसपी जशपुर को 3 पेज का आवेदन पेश कर सन्ना थाना पुलिस के उपर विधायक विनय भगत के इशारे पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।प्रार्थी का कहना है कि जब उसका घर उजाड़ा जा रहा था उस वक़्त सन्ना पुलिस भी मौके पर मौजूद थी ।पुलिस के सामने उसका घर तोड़ा गया और उसके घर की महिलाओं के साथ मार पीट की गई इसके अलावे उसने थाने में भी आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट लिखाई गयी लेकिन पुलिस ने घर तोड़ने वाले सभी आरोपियों को अज्ञात बता दिया ।
प्रार्थी का कहना है कि जिस जमीन पर उसने घर बनाया था वह जमीन उसके पूर्वजो के कब्जे की जमीन थी जिस पर कार्तिक जतरा आयोजन के दौरान विधायक विनय भगत के द्वारा उसी जमीन पर सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा कर दी गयी और विधायक ,तहसीलदार सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी में उनके विरोध के बावजूद उसके कब्जे की जमीन और जबरन भूमिपूजन कर दिया गया और उसके घर की महिलाओं के साथ मार पीट भी की गई लेकिन आज तक उस मामले में भी पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध किसी तरह की कोई कार्रवाई नही की ।
28 मार्च को भी ऐसा ही हुआ ।भादू सहित अन्य गाँव से दर्जनों लोग तरह तरह के दोपहिया चारपहिया वाहन में आये और सीधे उसके बने बनाये घर को तोड़ना शुरू कर दिया।सन्ना थाने की पुलिस वहाँ मौजूद थी लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका तक नही उल्टा पुलिस के सामने उसके घर की महिलाएं मार खाती रही ।
इसे भी पढिये
इस मामले में जब सन्ना थाना प्रभारी भरत लाल साहू से मुनादी डॉट कॉम की चर्चा हुई तो उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिस इसलिए मौजूद थी ताकि उसके घर को बचाया जा सके और कोई अप्रिय वारदात न हो।उन्होंने बताया कि फिलहाल अज्ञात 30 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है जांच के बाद नामजद रिपोर्ट लिखी जाएगी।




