रायगढ़ मुनादी।। भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के खिलाफ छेड़छाड़ वाले मामले में आज पीड़िता खुलकर सामने आई और उमेश पर खुलकर आरोप लगाया वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर दावा किया कि यदि शिकायत सही साबित हो जाते हैं तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा। उन्होंने इस घटना को राजनीतिक षड्यंत्र बताया और कहा कि पार्टी की ओर से जल्द कार्रवाई की जा सकती है।
शुक्रवार की शाम कोतवाली थाने में शिकायत देने वाली पीड़िता आज शनिवार को भी कोतवाली थाना पहुंची और उन्होंने मीडिया से बात भी किया। उसने मीडिया को बताया कि चूंकि वह भाजपा कार्यकर्ता है इसलिए सबसे पहले वह भाजपा के प्रदेश के नेताओं से मुलाकात करके शिकायत की लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह थाने में कार्रवाई के लिए आई है। उसने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा बार-बार उसके खिलाफ बातें फैलाई जा रही है और उसे थाने में FIR दर्ज करने की चुनौती दी गई है ऐसे में उसके पास और कोई चारा नहीं था। पीड़िता से जब पूछा गया कि घटना के इतने दिनों बाद वह शिकायत क्यों करवा रही है तो उसने कहा कि घटना के बाद जब मैं शिकायत करने आ रही थी तब भाजपा के कुछ पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष के मित्रों ने उसे यह कहकर डरा दिया कि वह पैसे वाला है तुम्हें मार भी देगा तो उसे कुछ नहीं होगा।
लेकिन जब पार्टी में एक और मामला सामने आया तब मुझे हिम्मत हुई और मैंने पहले पार्टी फोरम और बाद में कोतवाली थाना में शिकायत लेकर आई हूं। उसने कहा कि थाने में जांच के बाद कार्रवाई किये जाने की बात कही जा रही है और उसे उम्मीद है कि कार्रवाई होगी। उसने यह भी कहा कि उसे लगातार सोशल मीडिया के जरिये बदनाम करने की भी कोशिश की जा रही है। मुझे डराने का भी प्रयास किया गया लेकिन मैं डरने वाली नहीं हूं।
इधर पीड़िता के द्वारा थाने में शिकायत करने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता बुलाया और दावा किया कि उनके ऊपर लगाए गए आरोपी गलत है और उन्हें षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। पार्टी इस षड्यंत्र की जांच कर रही है और जल्द ही इस संबंध में भी मीडिया में बयान जारी करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि उन्होंने पीड़िता के शिकायत करने से पहले थाने में आवेदन दिया है और कोर्ट में भी परिवाद दाखिल किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस मामले में सच्चाई साबित हो जाये तो वे राजनीतिक जीवन से सन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक षड्यंत्र है और यह सफल नहीं होगा। इससे पहले जब पीड़िता थाने पहुंची तभी भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी भी पहुंच गए और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करने लगे।

