जशपुर मुनादी।। जिले में ठेकेदारी में कमीशन प्रथा की एक बार फिर से पोल खुलती नजर आ रही है। जिले भर के ठेकेदारों ने पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता व सदस्य सचिव जिला जल एवं स्वच्छता मिशन को ज्ञापन सौंपकर कमीशनखोरी की लिखित में शिकायत की है।
जिला ठेकेदार संघ के द्वारा पीएचई के अधिकारी व संसदीय सचिव यूडी मिंज को ज्ञापन सौंपकर बताया है कि पीएचई कार्यालय में पदस्थ sAC एसबी चौधरी के द्वारा काफी लंबे समय से ठेकेदारों को कमीशन के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है ।कार्यादेश लेने पर कार्य की लागत मूल्य का 1/2प्रतिशत एवं भुगतान के वक़्त भुगतान राशि का 2 प्रतिशत कमीशन की खुल्लम खुल्ला मांग की जाती है वो भी कार्य होने से पहले।जो ठेकेदार इनके द्वारा निर्धारित दर के मुताबिक कमीशन का भुगतान नहीं करते उनका फाईल लटक जाता है उनका काम ही नहीं होता ।अगर किसी ठेकेदार ने विरोध किया तो उनके द्वारा धमकी दी जाती है कि -मेरी पहुँच काफी उपर तक है कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता ।
ठेकेदार संघ का कहना है कि अधिकारियों को पूर्व में भी इस बात की मौखिक सूचना दी गईं थी जिस पर अधिकारियों के द्वारा भविष्य में ऐसी शिकायत नही आने का भरोसा दिया गया था लेकिन बावजूद इसके बाबू की तानाशाही जारी है।

ठेकेदार संघ ने विभाग के अधिकारियों को चेताते हुए कहा है कि अगर उनके इस ज्ञापन के बाद सम्बंधित बाबू के विरुद्ध कार्रवाई नही हुई तो जिले भर के ठेकेदार एकजुट होकर जल जीवन मिशन का काम रोक देंगे ।

