फर्जी कागजात के जरिए चुनाव लडने की तैयारी करना प्रत्याशी को पडा महंगा
प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्टेट ने दिए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश
रायगढ़ मुुनादी।
रायगढ़ के खैरपुर के एक सरपंच प्रत्याशी के खिलाफ फर्जी जाती प्रमाण पत्र के मामले में न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया था यह मामला खूब सुर्खियों में भी रहा अब इस मामले में न्यायालय द्वारा मामले पर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है मिली जानकारी के अनुसार फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में एक दो दिनों में जांच भी पूरी कर ली जावेगी।
फर्जी कागजात के जरिए सरपंच चुनाव लड़ने की तैयारी करने के मामले में आज उस वक्त नया मोड आ गया जब प्रार्थी हेमलाल वल्द पिता सुरीत राम चौहान की शिकायत के बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्टेट ने उक्त प्रत्याशी श्याम सुंदर राम पिता लालचंद राम व उसकी पत्नी विनिता पिता खिलाड़ी, पति श्याम सुंदर राम के खिलाफ कोतरा रोड़ थाने में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विदित रहे कि वर्तमान में होनेे जा रहे पंचायत चुनाव में ग्राम खैरपुर के सरपंच पद हेतु परिवादी व अभियुक्त द्वारा नाम निर्देशन पत्र भरा गया है। जिसमें अभियुक्त की ओर से नाम निर्देशन पत्र. भरे जाने के बाद स्वयं को अनुसूचित जाति का सदस्य होना बताकर नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया गया है और उक्त निर्देशन पत्र में प्रस्तुत किए गए जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है। अभियुक्त की ओर से अनुसूचित जाति होनें का प्रमाण पत्र तैयार कराने के समय प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के अवलोकन से उक्त प्रमाण पत्र पूर्णत फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों पर आधारित होना प्रतीत होता है। अनुसूचित जाति के सदस्यों का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने के संबंध में राज्य सरकार द्वारा शिक्षण संबंधी दस्तावेज व भूमि के अधिकार अभिलेख एवं मिशल जिस पर जाति का उल्लेख हो दस्तावेजों को प्रस्तुत करना आवश्यक माना गया है और उनके अभाव में प्रमाण पत्र जारी नही किया जाना संभव ही नही। इसी प्रकार उसके द्वारा अपनी पत्नी विनीता द्वारा सतनामी के नाम से पटवारी किशन देवांगन का फर्जी हस्ताक्षर कर जकेला ग्राम तहसील पुसौर के प्रमाण पत्र बनवा लिया गया है।
इस संबंध में परिवादी द्वारा एक लिखित शिकायत कोतरा रोड़ थाना में 6 जनवरी को की जा चुकी है। जिस पर थाना प्रभारी द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर प्रथम सूचना दर्ज न किए जाने की दशा में यह परिवाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। जिसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्टेट के आदेश के बाद उक्त प्रत्याशी के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए जांच करने के आदेश कोतरा रोड थाना प्रभारी को दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में थाना प्रभारी कोतरा रोड को त्वरित जांच कर रिपोर्ट देना है। एक दो दिन के अंदर फर्जी जाति प्रमाण पत्र की जांच पूरी कर ली जाएगी। अब इस मामले में पुलिस की जांच के बाद ऊंट किस करवट बैठता है पता चलेगा।

