रायगढ़ मुनादी।।
लोक भजन गायिका जिनकी सबसे मशहूर भजन मैया पांव पैजनियां ने काफी लोकप्रियता बटोरी, के गायिका शहनाज अख्तर ने देश में धर्म के नाम पर सोशल मीडिया में फैलाये रहे दुष्प्रचार और नफरत को लेकर कहा कि जिन्हें धर्म का ज्ञान नहीं है वे ही धर्म के बारे में नफरत फैलाते हैं। मुनादी से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी को उनके धर्म की शिक्षा दी जानी चाहिए जिससे वे अपने धर्म का पालन कर सकें और दूसरे धर्मों को इज्जत दे सकें।
शहनाज अख्तर शहर के काइट फेस्टिवल के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई थी। शहनाज का धार्मिक एलबम भोले टनाटन जैसे कई धार्मिक भजन लोगों में काफी लोकप्रिय हैं। नवरात्रि और सावन में उनके लोक भजन की काफी धूम रहती है। उनका कहना था कि वे जिस मोहल्ले में रहती थी वहां गणेश पूजा के दौरान बचपन में जाती थी वहीं से उन्हें भजन गाने का शौक लगा। उनकी मां भी गणेश पंडाल में भजन गाया करती थी।

उन्होंने कहा कि भजन गाने से उन्हें उनके परिवार या किसी रिश्तेदार ने नहीं रोका। वे घर में दुर्गा सप्तशती को पाठ भी करती हैं। उन्हें भक्ति के गानों में ही आनंद मिलता है। उनका कहना है कि बॉलीवुड से एक आफर आया था लेकिन उसमें उन्होंने रुचि नहीं दिखाई, उन्हें भजन गाने में ही मजा आता है और अंतिम सांस तक उन्हें भजन ही गाना है।

